लगातार दूसरी बार स्थगित हुआ संघ शिक्षा वर्ग कोरोना के चलते

0

नागपुर, 02 जून (हि.स.)। कोरोना महामारी के चलते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने लगातार दूसरे वर्ष भी संघ शिक्षा वर्ग का आयोजन रद्द करने का फैसला लिया है। बीते वर्ष 2020 में भी कोरोना के कारण संघ ने प्रशिक्षण से जुड़े सभी प्रकार के आयोजनों को निरस्त कर दिया था।
संघ के नागपुर महानगर प्रचार प्रमुख समीर गौतम ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष ऐसे तीन प्रमुख वर्गों का आयोजन किया जाता है। प्रति वर्ष मई-जून माह में इन संघ शिक्षा वर्गों का आयोजन होता है। गौतम ने बताया कि सामान्य तौर पर प्रथम वर्ष संघ की दृष्टि से बनाए गए हर प्रांत में लगता है। द्वितीय वर्ष संघ योजना के हिसाब से बनाए गए क्षेत्र में लगाया जाता है जबकि तृतीय वर्ष का प्रशिक्षण सिर्फ नागपुर में होता है। उन्होंने बताया कि इन 3 प्रमुख वर्गो के अलावा कई स्थानों पर 7 दिनों के विशेष प्राथमिक शिक्षा वर्ग भी इसी समय में लगते हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर अबतक तीन बार प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इस दौरान संघ के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित नहीं किए जा सके। संघ जानकारों के मुताबिक, 1948 में महात्मा गांधी की हत्या के बाद संघ पर प्रतिबंध लगाया गया था, तब 1948 व 1949 में संघ का तृतीय वर्ष वर्ग नहीं लग पाया था। इसके बाद इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के समय 1976 और 1977 में तृतीय वर्ष वर्ग नहीं हो पाया था। इसके अलावा राम मंदिर आंदोलन के बाद संघ पर लगी पाबंदी के चलते 1993 में संघ शिक्षा वर्ग का आयोजन नहीं हो पाया था। बहरहाल, कोरोना महामारी के चलते लगातार 2 वर्ष संघ शिक्षा वर्गो के आयोजन को रद्द किया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *