भारतीय कुश्ती के पितामह:गुरु हनुमान

0

भारत में कुश्ती गांव-गांव में प्रचलित है। हर गांव में सुबह-शाम नवयुवक अखाड़े में व्यायाम करते मिल जाते हैं। परन्तु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की इसमें कोई पहचान नहीं थी। इसे पहचान दिलाने का श्रेय गुरु हनुमान को जाता है। गुरु हनुमान का असली नाम विजय पाल था। भारतीय मल्लयुद्ध के आदर्श देवता हनुमान जी से प्ररित होकर विजय पाल ने अपना नाम बदल कर हनुमान रखा और आजीवन ब्रह्मचारी रहने का प्रण कर लिया। उनके स्वयं के कथन के अनुसार उनकी शादी तो कुश्ती से ही हुई थी। इस बात में कोई अतिशयोक्ति भी नहीं थी। जितने भी पहलवान उनके सानिध्य में आगे निकले उनमें शायद ही किसी को उतना सम्मान मिला हो जितना गुरु हनुमान को मिला।
गुरु हनुमान जन्म राजस्थान के झुंझुनू जिले के चिड़ावा में 15 मार्च 1901 को एक निर्धन दलित परिवार में हुआ था। निर्धनता और परिवार में शिक्षा के प्रति जागरूकता के अभाव में उनकी स्कूली शिक्षा बिल्कुल नहीं हुई। पर गांव के अखाड़े में कुश्ती के लिए वे नियमित रूप से जाते थे। 1920 में रोजगार की तलाश में दिल्ली आकर उन्होंने सब्जी मंडी में बिड़ला मिल के पास एक दुकान खोली। उनके कसरती शरीर को देखकर 1925 में मिल के मालिक व झुंझुनू जिले के पिलानी कस्बे के मूल निवासी कृष्ण कुमार बिड़ला ने उन्हें एक भूखण्ड देकर कुश्ती के लिए नवयुवकों को तैयार करने को कहा। इस प्रकार स्थापित हुई बिड़ला मिल व्यायामशाला ही आगे चलकर गुरु हनुमान अखाड़ा के नाम से लोकप्रिय हुई।
गुरु हनुमान देश के प्रख्यात कुश्ती प्रशिक्षक तो थे ही स्वयं बहुत अच्छे पहलवान भी थे। उन्होंने सम्पूर्ण विश्व में भारतीय कुश्ती को महत्वपूर्ण स्थान दिलाया। अपने शिष्यों को वे पुत्रवत स्नेह करते थे। वे पूर्ण शाकाहारी थे तथा इस मान्यता के विरोधी थे कि मांसाहार से ही शक्ति प्राप्त होती है। वे प्रातः तीन बजे उठकर शिष्यों के प्रशिक्षण में लग जाते थे। उनके अखाड़े के छात्र अपना भोजन स्वयं बनाते थे। अनुशासनप्रिय गुरु जी दिनचर्या में जरा भी ढिलाई पसंद नहीं करते थे। गुरु हनुमान स्वाधीनता संग्राम में भी सक्रिय थे। अनेक फरार क्रांतिकारी उनके पास आश्रय पाते थे। 1940 में एक क्रांतिकारी की तलाश में पुलिस ने अखाड़े में छापा मारा। पर गुरु जी ने उसे पुलिस को नहीं सौंपा। इससे चिढ़कर पुलिस उन्हें ही पकड़कर ले गयी। उन्हें यातनाएं दी गयीं। कई घंटे तक कुएं में उल्टा लटका कर रखा गया। लेकिन गुरु जी विचलित नहीं हुए।
1947 के बाद उनका अखाड़ा उत्तर भारत के पहलवानों का तीर्थ बन गया। गुरु हनुमान ने उसे कभी व्यावसायिक नहीं होने दिया। धीरे-धीरे उनके शिष्य खेल प्रतियोगिताएं जीतने लगे। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के नियम अलग थे। वहां कुश्ती भी रबड़ के गद्दों पर होती थी। गुरु हनुमान ने उन नियमों को समझकर अपने पहलवानों को वैसा ही प्रशिक्षण दिया। इससे उनके शिष्य उन प्रतियोगिताओं में भी स्थान पाने लगे।
गुरु जी ने ‘कलाई पकड़’ जैसे अनेक नये दांव भी विकसित किये थे। विपक्षी काफी प्रयास के बाद भी जब कलाई नहीं छुड़ा पाता था तो वह मानसिक रूप से कमजोर पड़ जाता था। इसी समय वे उसे चित कर देते थे। उनका यह दांव बहुत लोकप्रिय हुआ। उनके अखाड़े को विशेष प्रसिद्धि तब मिली जब 1972 के राष्ट्रमंडल खेलों में उनके शिष्य वेदप्रकाश, प्रेमनाथ और सुदेश कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार 1982 के एशियायी खेलों में उनके शिष्य सतपाल एवं करतार सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। 1986 में भी उनके शिष्य दो स्वर्ण पदक लाये। सात शिष्यों ने भारत की सर्वश्रेष्ठ कुश्ती प्रतियोगिताएं जीतीं। उनके आठ शिष्यों को भारत में खेल के लिए दिया जाने वाला सर्वश्रेष्ठ अर्जुन पुरस्कार मिला। 1988 में भारत सरकार ने उन्हें खेल प्रशिक्षकों को दिये जाने वाले द्रोणाचार्य पुरस्कार तथा 1983 में पदमश्री से सम्मानित किया।
भारतीय कुश्ती के पितामह गुरु हनुमान को 1960 में राष्ट्र गुरु, 1982 में राजस्थान श्री, 1983 में पद्मश्री, 1987 में द्रोणाचार्य, 1989 में भीष्म पितामह और 199। में छत्रपति साहू अवार्ड प्रदान किया गया था। इसके अलावा गुरुजी को 1980 में फ्रांस में डिप्लोमा ऑफ आनर, 1981 में जापान ने लार्ड बुद्धा अवार्ड, पाकिस्तान ने 1989 में कुश्ती खुदा पुरस्कार, जापान ने 1991 में मास्टर डिग्री ब्लैक बेल्ट, अमेरिका ने 1991 में कुश्ती किंग अवार्ड और इंग्लैंड ने 1991 में शहीद उधम सिंह अवार्ड प्रदान किया था।
गुरु हनुमान और उनके परम शिष्य व 1982 के एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता महाबली सतपाल को 1983 में एक साथ पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। जबकि करतार सिंह को 1986 में पद्मश्री सम्मान मिला। इस अखाड़े से सुखचैन को 2003, महासिंह राव को 2005, जगमन्दर सिंह को 2007, सतपाल को 2009 में द्रोणाचार्य पुरस्कार मिला था जबकि राज सिंह को 2013 में लाइफटाइम द्रोणाचार्य पुरस्कार मिला था।
वे गुरु ही नहीं बल्कि अपने शिष्यों के लिए पिता तुल्य थे। कुश्ती का जितना सूक्ष्म ज्ञान उन्हें था शायद ही किसी को हो। गुरु हनुमान ने जब ये देखा की उनके पहलवानों को बुढ़ापे में आर्थिक तंगी होती है तो उन्होंने सरकार से पहलवानों के लिए रोजगार के लिए सिफारिश की। परिणामस्वरुप आज बहुत से राष्ट्रीय प्रतियोगिता जीतने वाले पहलवानों को भारतीय रेलवे में हाथों हाथ लिया जाता है। इस तरह उन्होंने हमेशा अपने शिष्यों की सहायता अपने बच्चों के समान की। उनका रहन-सहन बिल्कुल गाँव वालों की तरह था। उन्होंने पूरी जिन्दगी एक धोती-कुरते में ही गुजर दी थी।
भारतीय स्टाइल की कुश्ती के वे माहिर थे। उन्होंने भारतीय स्टाइल और अंतर्राष्ट्रीय स्टाइल का मेल कराकर अनेक एशियाई चैम्पियन दिए। कुश्ती के पितामाह गुरु हनुमान के नाम से मशहूर देश के इस सबसे बड़े अखाड़े ने अबतक देश को 124 अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिए हैं। इसके अलावा 14 अर्जुन पुरस्कार और 16 द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पहलवान भी यहां से निकले हैं। इसके बावजूद यह अखाड़ा आज दुर्दशा का शिकार बन चुका है।
गुरु हनुमान को शायद अपनी मृत्यु का पूर्वाभास हो गया था। इसी कारण उन्होंने अपने जीते जी अपनी कर्मस्थली दिल्ली के गुरु हनुमान अखाड़ा व अपनी जन्मभूमि चिड़ावा में अपनी आदमकद प्रतिमा लगवा दी थी। चिड़ावा में तो उनकी मृत्यु से एक सप्ताह पूर्व ही 16 मई 1999 को पूर्व केन्द्रीय मंत्री शीशराम ओला व डॉ. गिरिजा व्यास के हाथों उनकी मूर्ति का अनावरण किया गया था।
24 मई 1999 को गुरु हनुमान गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। मार्ग में मेरठ के निकट उनकी कार का टायर फटने से वह एक पेड़ से टकरा गयी। इस दुर्घटना में ही उनका देहांत हो गया। उनके शिष्य तथा नये पहलवान आज भी उस अखाड़े की मिट्टी को पवित्र मानकर माथे से लगाते हैं। गुरु हनुमान की स्मृति में हर वर्ष सरकारी स्तर पर अन्तर्राष्ट्रीय कुश्ती दंगल स्पर्धा आयोजित की जानी चाहिये। ताकि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ी भी गुरु हनुमान से प्ररणा लेते रहें व उनके बताये मार्ग पर चलकर दुनिया में देश का नाम गौरवान्वित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *