सांसों के लिए संघर्ष कोरोना संक्रमण के बीच : संयुक्त राष्ट्र महासचिव

0

संयुक्त राष्ट्र, 24 मई (हि. स.) विश्व भर में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि लोगों को सांसों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आगाह किया कि वैश्विक महामारी अब स्वरूप बदल कर और अधिक तेजी से फैल रही है।

गुतारेस ने विश्व स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन में दिए अपने बयान में  कहा कि कोरोना महामारी की शुरुआत में मैंने चेतावनी दी थी, कि जब तक सभी सुरक्षित नहीं हो जाते, तब तक कोई भी सुरक्षित नहीं है। वैक्सीन, जांच, दवाओं और ऑक्सीजन समेत अन्य आपूर्तियों तक असमान पहुंच ने गरीब देशों को वायरस के सामने लाचार कर दिया है।

उन्होंने कहा कि हम वायरस के खिलाफ युद्ध लड़ रहे हैं और अगर आप वायरस के साथ युद्ध कर रहे हैं, तो हमें युद्ध परिदृश्य के नियमों के हिसाब से अपने हथियारों से लड़ना होगा। हम अब भी वह नहीं कर रहे हैं। यह बात टीकों के लिहाज से सच है और यह वायरस के खिलाफ जंग में दूसरे तत्वों के लिहाज से भी सच है।

गुतारेस ने कहा कि मैं जी20 देशों से वित्तीय मदद देने और उदाहरण पेश कर अगुवाई करने का आह्वान करता हूं। अरबों का निवेश खरबों की बचत करने के साथ ही जीवन बचा सकता है। गुतारेस ने जोर दिया कि जल्द एवं पूरे विश्व में टीकाकरण तथा निरंतर जन स्वास्थ्य उपायों से ही वैश्विक महामारी को समाप्त किया जा सकता है और अधिक खतरनाक स्वरूपों को पैर जमाने से रोका जा सकता है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *