24 मई इतिहास के पन्नों में

0

एएमयू की स्थापनाः मुस्लिम शिक्षा का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्थापना 24 मई 1920 को हुई। इससे पहले मुसलमानों के बीच शिक्षा की जरूरतों को देखते हुए सर सैयद अहमद खान ने 1877 में आधुनिक शिक्षा पर आधारित स्कूल की स्थापना की, जो आगे चलकर मोहम्डन एंग्लो ओरिएंटल कॉलेज के तौर पर मशहूर हुआ। 1920 में इसी कॉलेज को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय बनाया गया। इसकी लगातार बढ़ती ख्याति के कारण एक जमाने में इसे भारत का कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय कहा जाता था। आज देश के मुख्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शामिल एएमयू में 250 से ज्यादा पाठ्यक्रमों की पढ़ाई होती है। यहां कई दूसरे देशों के छात्र भी पढ़ने के लिए आते हैं। इस विश्वविद्यालय की मौलाना आजाद लाइब्रेरी में तकरीबन साढ़े 13 लाख पुस्तकें और दुर्लभ पांडुलियों का समृद्ध संग्रह है। यहां के कई छात्र आगे चलकर देश के प्रमुख ओहदों पर आसीन हुए। देश के तीसरे राष्ट्रपति डॉ.जाकिर हुसैन और सीमांत गांधी के नाम से मशहूर खान अब्दुल गफ्फार खान को भारत रत्न से सम्मानित किया जा चुका है। दिग्गज क्रिकेटर रहे लाला अमरनाथ, मशहूर शायर कैफी आजमी, जाने-माने साहित्यकार राही मासूम रजा, गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी यहां के छात्र रहे हैं।
अन्य अहम घटनाएंः
1543ः पोलैंड के खगोलविद् निकोलस कापरनिकस का निधन। उन्होंने यह सिद्धांत प्रतिपादित किया था कि पृथ्वी समेत सभी ग्रह सूर्य के चक्कर लगाते हैं और पृथ्वी अपनी धुरी पर भी घूमती है, जिससे विभिन्न मौसम आते-जाते हैं।
1689ः ब्रिटिश संसद ने प्रोटेस्टेंट ईसाइयों को धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी दी।
1915ः थॉमस अल्वा ए़डिसन ने टेलीस्क्राइब का आविष्कार किया।
1931ः पहली वातानुकूलित यात्री ट्रेन अमेरिका के वाल्टमोर ओहियो मार्ग पर चलायी गयी।
1959ः साम्राज्य दिवस का नाम बदलकर राष्ट्रमंडल दिवस किया गया।
1985ः बांग्लादेश में चक्रवाती तूफान से दस हजार लोगों की मौत।
1986ः मार्गरेट थैचर इजराइल का दौरा करने वाली ब्रिटेन की पहली प्रधानमंत्री बनीं।
1994ः मीना (सऊदी अरब) में हज से जुड़े एक समारोह के दौरान भगदड़ मचने से तकरीबन ढाई सौ से अधिक हाजियों की मृत्यु हो गयी।
2000ः इजराइल ने दक्षिणी लेबनान पर अपना 18 साल पुराना कब्जा खत्म कर वहां तैनात सेना की वापसी की।
2001ः नेपाल के 15 वर्षीय शेरपा तेंबा शेरी माउंट एवरेस्ट की चोटी को फतह करने वाले सबसे कम उम्र के पर्वतारोही बने।
2004ः उत्तर कोरिया ने मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *