12 घंटे की पैरोल पर बाहर निकला राम रहीम रोहतक जेल से

0

सुबह हाजिरी लगवाकर गया और शाम फिर से हुआ हाजिर,भारी सुरक्षा के बीच मानेसर के फार्म हाउस में मां से हुई मुलाकात



चंडीगढ़, 21 मई। साध्वी यौन शोषण तथा पत्रकार हत्याकांड में रोहतक जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम शुक्रवार को 12 घंटे की पैरोल पर जेल से बाहर निकला। भारी सुरक्षा के बीच गुरमीत राम रहीम रोहतक से गुरुग्राम के निकट एक फार्म हाउस में पहुंचा जहां सुबह तथा दोपहर का खाना अपनी मां व परिवार के सदस्यों के साथ खाया। राम रहीम की पैरोल के समय को लेकर आज दिन अफवाहों का बाजार गर्म रहा।
डेरा मुखी साध्वी यौन शोषण के मामले में 25 अगस्त 2017 से रोहतक की सुनारियां जेल में बंद है।
करीब दो माह पहले भी राम रहीम को छह घंटे की पैरोल पर गुरुग्राम ले जाया गया था। जहां वह अपनी उपचाराधीन मां से मिला था। इसी दौरान 15 मई को रोहतक जेल में राम रहीम की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक लाया गया। जहां से 16 मई को बाद दोपहर वापस जेल भेज दिया गया।
पीजीआई से आने के बाद राम रहीम ने 17 मई की शाम जेल प्रशासन से इमरजेंसी पैरोल की मांग की। जेल प्रशास ने तवरित कार्रवाई करते हुए 18 मई को राम रहीम का आवेदन पुलिस व सिविल प्रशासन को भेज दिया। 20 मई को पुलिस की एनओसी मिलने के बाद शुक्रवार को राम रहीम को 12 घंटे की पैरोल पर रोहतक जेल से बाहर निकाला गया। जेल से बाहर आने से पहले राम रहीम के वकीलों ने इस बात का आश्वासन दिया था कि उनके बाहर आने से किसी प्रकार से कानून-व्यवस्था को खतरा नहीं होगा।
राम रहीम को आज सुबह की हाजिरी के बाद भारी सुरक्षा के बीच रोहतक जेल से रवाना किया गया। राम रहीम गुरुग्राम के निकट मानेसर-बिलासपुर मार्ग पर अपने एक अनुयायी के फार्म हाउस पर पहुंचे जहां पहले से ही उनकी मां नसीब कौर तथा परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। राम रहीम ने यहां परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद कुछ समय अपनी मां के साथ अकेले में भी व्यतीत किया। राम रहीम ने परिवार के सदस्यों के साथ सुबह तथा दोपहर का भोजन भी लिया। जितना समय राम रहीम फार्म हाउस में रहा तो मानेसर, तावडू तथा सोहना पुलिस थानों के जवान सादा वर्दी में तैनात रहे। उस फार्म हाउस की तरफ किसी को भी जाने नहीं दिया गया। फार्म हाउस की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को पूरा दिन बंद रखा गया। शाम पांच बजे राम रहीम मानेसर से वापस रोहतक के लिए रवाना हुआ और जेल मैनुअल के अनुसार  शाम की हाजिरी से पहले-पहले वापस आ गया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *