राजस्थान ने दी विनम्र श्रद्धांजलि पूर्व उप राष्ट्रपति शेखावत को पुण्यतिथि पर

0

जयपुर, 15 मई (हि.स.)। पूर्व उप राष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भैरोंसिंह शेखावत की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जनप्रतिनिधियों ने ट्वीट कर स्व. शेखावत की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धा से याद किया।
 
सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर लिखा कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत जी की पुण्यतिथि पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लिखा कि पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत जी की पुण्यतिथि पर अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि। बाबोसा भारतीय राजनीति का वो ध्रुव तारा थे, जिन्होंने आखिरी छोर पर बैठे व्यक्ति को प्रथम मानकर उनके उत्थान के कार्य किए। आपके उच्च आदर्श व सिद्धांत अनंतकाल तक हमारा पथ-प्रदर्शन करते रहेंगे। बाबोसा ने ताउम्र राष्ट्रहित में काम करते हुए अपनी नीतियों व योजनाओं से समाज के सभी वर्गों का उत्थान किया तथा गरीबों के सच्चे मसीहा बनकर उभरे। बाबोसा आज आप भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आपका तेजस्वी व्यक्तित्व और ओजस्वी कृतित्व हमेशा हमारे साथ हैं।
 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने लिखा कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री राजस्थान की राजनीति के पुरोधा परम श्रद्धेय भैरों सिंह शेखावत जी की पुण्यतिथि पर उन्हें मेरा कोटि-कोटि नमन। जनप्रतिनिधियों के अलावा प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर कोरोना गाइडलाइन की पालना के साथ भाजपा नेताओं ने स्व. शेखावत को याद किया।
 

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *