रांची एयरपोर्ट निभा रहा अहम भूमिका कोरोना की जंग में

0

 भारतीय वायु सेना के 100 विमानों से कुल 139 ऑक्सीजन टैंकर ले जाए गए



रांची, 11 मई (हि.स.)। कोरोना महामारी से निपटने के लिए देश के हवाई अड्डों को तैयार किया गया है जो इस आपदा के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाकर देश की मदद कर रहे हैं। इसी क्रम में रांची का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट भी आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और सामग्री की निर्बाध आवाजाही जारी रखे है। एयरपोर्ट का प्रबंधन भी आवश्यक सामग्रियों की आवाजाही को बिना किसी देरी के प्राथमिकता पर पूरा करने के प्रयास में लगा है।
आधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि इस हवाई अड्डे से चिकित्सा उपकरण और आवश्यक सामग्री जैसे ऑक्सीजन टैंकर, ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर, नोजल, कोविड-19 वैक्सीन, इंजेक्शन, टेस्टिंग किट और दवाओं की आसान आवाजाही की सुविधा है। देश के लिए ऑक्सीजन संकट को दूर करने के लिए रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर यह मुहिम 24 अप्रैल से शुरू हुई और 8 मई तक भारतीय वायु सेना के 100 विमानों से कुल 139 ऑक्सीजन टैंकरों को ले जाया गया। भारतीय वायु सेना के परिवहन विमान सी-17, सी-130जे, एएन-32, टैंकर  आईएल-76 और अन्य छोटे विमान नियमित अंतराल पर आवश्यक सामग्री के परिवहन में मदद कर रहे हैं।
इसके अलावा रांची हवाई अड्डा की टीम इस दौरान केंद्र और राज्य सरकारों के निर्देशों के अनुसार कोविड-19 संबंधित दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का भी पालन कर रही है। एयरपोर्ट प्रबंधन सभी यात्रियों, हितधारकों, आगंतुकों और कर्मचारियों से हमेशा कोविड के उचित व्यवहार का पालन करने और भीड़ को कम करने के लिए समय अंतराल बनाए रखने का लगातार अनुरोध कर रहा है। हवाई अड्डे पर मौजूद सभी लोगों को मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने की सख्त सलाह दी गई है। दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के लिए दंडात्मक प्रावधान भी लागू हैं।
यह संदेश प्रसारित करने के लिए हवाई अड्डे पर कई इलेक्ट्रॉनिक और स्थायी डिस्प्ले लगाए गए हैं जिनके माध्यम से निर्देश प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य कोविड उपयुक्त व्यवहार को प्रोत्साहित करना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए  जागरुकता उत्पन्न करना है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *