अनगिनत जिंदगी बचा चुकी भारतीय रेल देशभर में 3400 टन से अधिक ऑक्सीजन की आपूर्ति कर

0

नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। कोविड-19 की दूसरी लहर के बीच अस्पतालों में मेडिकल ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे मिशन मोड में जुटी है। रेलवे अपने ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ अभियान के तहत ट्रेनों के माध्यम से दिल्ली और महाराष्ट्र सहित सात राज्यों को अब तक 3400 मीट्रिक टन से अधिक तरल चिकित्सा ऑक्सीजन (एलएमओ) की आपूर्ति कर अनगिनत लोगों की जिंदगी बचा चुकी है।

रेल मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि रेलवे देश के विभिन्न राज्यों में मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाकर राहत पहुंचाने की यात्रा जारी रखे हुए है। अब तक, भारतीय रेलवे ने देश भर के विभिन्न राज्यों में 220 से अधिक टैंकरों में लगभग 3400 मीट्रिक टन एलएमओ की ढुलाई कर चुकी है। 54 ऑक्सीजन एक्सप्रेस अब तक अपनी यात्रा पूरी कर चुकी हैं। भारतीय रेलवे का प्रयास है कि अनुरोध करने वाले राज्यों को कम से कम समय में अधिक से अधिक एलएमओ पहुंचाया जा सके।

मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन ने दिल्ली को सबसे अधिक 1427 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की है। इसके बाद उत्तर प्रदेश को 968 मीट्रिक टन, हरियाणा को 355 मीट्रिक टन, मध्य प्रदेश को 249 मीट्रिक टन, महाराष्ट्र को 230 मीट्रिक टन, तेलंगाना को 123 मीट्रिक टन और राजस्थान को 40 मीट्रिक टन ऑक्सीजन पहुंचाई जा चुकी है।

रेल मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र, यूपी, हरियाणा और दिल्ली के लिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनें 26 टैंकरों में 417 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन लेकर रास्ते में हैं। रेल मंत्रालय ने कहा कि कुछ और ऑक्सीजन एक्सप्रेस देर रात अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकती हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *