वर्चुअल होगी भारत-यूरोपीय संघ शिखर वार्ता,प्रधानमंत्री नहीं जायेंगे पुर्तगाल और फ्रांस कोविड के चलते

0

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोविड महामारी के बढ़ते संक्रमण के चलते पुर्तगाल और फ्रांस की आगामी यात्रा पर नहीं जायेंगे। उन्हें पुर्तगाल में 8 मई को होने वाली भारत-यूरोपीय संघ शिखर वार्ता में शामिल होना था और वहीं से आगे फ्रांस की द्विपक्षीय यात्रा करनी थी।

विदेश मंत्रालय ने उनकी यात्रा के रद्द होने की पुष्टि की है। मीडिया के सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और यूरोपीय संघ के शीर्ष नेताओं के बीच अब शिखर वार्ता वर्चुअल माध्यम से होगी। ऐसा कोविड महामारी के बढ़ते प्रसार को देखते हुए किया गया है।

भारत और यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के बीच होने वाली शिखर वार्ता अपने आप में पहली है। मंत्रालय का कहना है कि यह शिखर वार्ता दर्शाती है कि दोनों पक्ष अपनी रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करना चाहते हैं।

उल्लेखनीय है कि देश में हर दिन करीब ढाई लाख के करीब कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। देश इस महामारी की दूसरी और अधिक शक्तिशाली लहर से जूझ रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर दिन उच्च स्तरीय बैठक कर स्थिति का विभिन्न पक्षों के साथ जायजा ले रहे हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *