दिल्ली से गिरफ्तार आईएसआई के लिए जासूरी करने वाला

0

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)।  पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूरी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह सेना के बेस, उनके मूवमेंट, आर्मी और बीएसएफ पोस्ट और बंकरों की जानकारी पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को पहुंचा रहा था। इसके बदले उसे हवाला के जरिये लाखों रुपये की रकम मिलती थी। उसके पास से सेना की जानकारी से जुड़े गोपनीय दस्तावेज, एक मोबाइल फोन, सिमकार्ड और बस की यात्रा के दो टिकट बरामद हुए हैं।
स्पेशल सेल के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों को उनकी टीम को सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को पहुंचाने की जानकारी मिल रही थी। जांच के दौरान तरणतारण की एक फर्म में मशीन ऑपरेटर का काम कर रहे हरपाल सिंह का नाम सामने आया। पता चला कि हरपाल के पा‌किस्तानी खुफिया एजेंसी के एजेंटों से संबंध हैं जो उसे हवाला के जरिये रुपये भेजते हैं। यह जानकारी जुटाने के बाद 11 अप्रैल को मामला दर्ज करके स्पेशल सेल की टीम ने पुणे की मिलिट्री इंटेलिजेंस के साथ मिलकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि हरपाल के पा‌किस्तानी खुफिया एजेंसी को सेना और बीएसएफ के मूवमेंट, बंकर, बेस की जानकारी दे रहा है। उसने कुछ वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तानी आकाओं को भेजे हैं।
दिल्ली के मजनू का टीला इलाके से हुआ गिरफ्तार 
इस बीच टीम को सूचना मिली कि 12 अप्रैल को हरपाल दिल्ली में अपने किसी जानकार से कुछ अहम दस्तावेज लेकर आगे भेजने आने वाला है। जानकारी जुटाने के बाद पुलिस की टीम ने उसे उत्तरी दिल्ली के मजनू का टीला इलाके से दबोच लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन, सेना से जुड़े अहम गोपनीय दस्तावेज और बस यात्रा के दो टिकट बरामद हुए।
सोशल मीडिया के जरिए आईएसआई एजेंट से मिला 
पूछताछ के दौरान हरपाल ने बताया‌ कि करीब छह साल पहले वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एजेंट जसपाल के संपर्क में आया। उसने कौम का वास्ता देकर जासूसी करने के लिए राजी किया। इसके बाद हरपाल ने भारत-पा‌क बॉर्डर, सेना और उससे जुड़ी अहम जानकारियां लिखकर और वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे अपने आका जसपाल को भेजी। इसके बदले हरपाल को हवाला के जरिये मोटी रकम मिलती थी। हरपाल पिछले साल नवंबर माह में विदेश यात्रा पर ओमान गया था, वहां उसकी मुलाकात जसपाल से हुई थी। पुलिस हरपाल को रिमांड पर लेकर उसके दिल्ली में सहयोगियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *