16 अप्रैल: इतिहास के पन्नों में

0

अपने सफर में समृद्धि का इतिहास समेटे, देश के एक हिस्से को दूसरे से जोड़ने वाली भारतीय रेल के लिए 16 अप्रैल एक यादगार तारीख है। यह भारतीय रेल के सफर की शुरुआत का दिन है। आज के दिन ही दूसरे विश्वयुद्ध की विभीषिका के बीच दुनिया के चेहरे पर हंसी पैदा करने वाले महान कलाकार चार्ली चैप्लिन का जन्म हुआ था। देश और दुनिया की कई दूसरी अहम घटनाएं भी इस तारीख से जुड़ी हैं।

भारतीय रेलः वर्ष 1853 में भारतीय रेल की यात्रा शुरू हुई। 16 अप्रैल को इसका औपचारिक उद्घाटन हुआ। भारत की पहली रेल बम्बई और ठाणे के बीच चली थी।  तकरीबन 400 मुसाफिरों के साथ 14 सवारी डिब्बों वाली रेलगाड़ी सायं साढ़े तीन बजे विशाल जनसमूह की करतल ध्वनि एवं तोपों की सलामी के साथ रवाना हुई थी। आज भारतीय रेल एशिया की सबसे बड़ी और दुनिया की दूसरी बड़ी रेल व्यवस्था है।16 मंडलों में बंटे भारतीय रेल नेटवर्क से 1.6 मिलियन कर्मचारी जुड़े हैं, जो इसके संचालन को संभव बनाते हैं। भारतीय रेल के स्टेशनों की संख्या तकरीबन 7500 है।

चार्ली चैप्लिनः विश्वयुद्ध और महामंदी के डरावने माहौल में सशंकित, भयभीत और मायूस दुनिया के चेहरे पर हंसी की चंद जुंबिशें देने वाले महान हास्य अभिनेता चार्ली चैप्लिन का जन्म 16 अप्रैल 1889 को हुआ था। उनका पूरा नाम सर चार्ल्स स्पेन्सर चैप्लिन था। वे मंजे हुए अभिनेता के साथ-साथ फिल्म निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक व संगीतकार भी थे। मनोरंजन की दुनिया में चैप्लिन ने तकरीबन 75 वर्ष बिताए। सिनेमा के मूक युग के सबसे मौलिक, रचनात्मक और दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ने वाले अभिनेता के तौर पर चैप्लिन दुनिया भर में हमेशा याद किये जाएंगे। उनकी कही और लिखी कई पंक्तियां आज भी याद की जाती है- ‘मेरा दर्द किसी के हंसने की वजह हो सकता है पर मेरी हंसी  किसी के दर्द की वजह नहीं होनी चाहिए।’

अन्य अहम घटनाएंः

1919- जलियांवाला बाग हत्याकांड में मरनेवालों को श्रद्धांजलि देने के लिए महात्मा गांधी ने प्रार्थना सभा और उपवास की घोषणा की।

1945- एक सोवियत पनडुब्बी के कारण जर्मन शरणार्थी पोत डूब गया, जिसमें सात हजार लोग सवार थे।

1988- उत्तरी इराक के कुर्द आबादी वाले शहर हलबजा पर गैस हमले में हजारों लोगों की मौत। बड़ी संख्या में लोग इससे गंभीर रूप से बीमार हो गए।

1988- फिलिस्तीनी मुक्ति संगठन के ताकतवर नेता खलील अल वजीर उर्फ अबु जिहाद की ट्यूनीशिया के ट्यूनिस स्थित उनके घर में हत्या।

1990- बिहार की राजधानी पटना के निकट खचाखच भरी एक यात्री गाड़ी के दो डिब्बों में विस्फोट से 80 लोगों की मौत और 65 घायल हुए।

2004- भारत ने रावलपिंडी टेस्ट जीतकर पाकिस्तान को श्रृंखला में 2-1 से मात  दी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *