विश्व बैंक ने ईएफआई का उपाध्यक्ष बनाया भारतीय मूल के इंदरमीत गिल को

0

वॉशिंगटन, 10 अप्रैल (हि.स.)। विश्व बैंक ने भारतीय मूल के डॉ. इंदरमीत गिल को ‘समान विकास, वित्त एवं संस्थान’ (ईएफआई) ग्लोबल प्रैक्टिस ग्रुप का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वह एम आह्यान कोसे की जगह लेंगे। डॉ. गिल की नियुक्ति एक जून से प्रभावी होगी।

डॉ. गिल का भारत की राजधानी नई दिल्ली से विशेष नाता है। डॉ. गिल दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज से पढ़े हुए हैं। वह इससे पहले भी विश्व बैंक के साथ काम कर चुके हैं। वह सेंट्रल एशिया के लिए चीफ इकोनॉमिस्ट और 2009 की वर्ल्ड डेवलपमेंट रिपोर्ट ऑन इकोनॉमिक जियोग्राफी के स्टाफ डायरेक्टर की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह पूर्व एशिया और प्रशांत क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय में आर्थिक सलाहकार के रूप में काम कर चुके हैं।

डॉ. गिल ने शिकागो विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी की उपाधि ली हुई है और जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय, द स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क और शिकागो विश्वविद्यालय में अध्यापन कार्य भी कर चुके हैं। डॉ. गिल को ऋण प्रबंधन, सतत वृद्धि और गरीबी उन्मूलन जैसे विषयों पर अच्छी जानकारी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *