आंध्र प्रदेश के 21 आदिवासी बच्चों का समूह मुख्यमंत्री योगी से मिला

0

साइकिल से कर रहे हैं भारत भ्रमण, मुख्यमंत्री ने दिया उपहार, शिक्षकों को किया सम्मानित



लखनऊ, 02 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास में आंध्रप्रदेश के प्रकाशम जिले से नैमिषारण्य, सीतापुर भ्रमण पर आए चैचू आदिवासी समुदाय के बच्चों से मुलाकात की।
छह फरवरी को आंध्र प्रदेश के 21 आदिवासी बच्चों का दल साइकिल से भारत भ्रमण पर निकला है। पिछले करीब एक हफ्ते से ये बच्चे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भ्रमण कर रहे हैं। इन बच्चों के प्रदेश में होने की खबर जैसे ही मुख्यमंत्री को पता चली, उन्होंने व्यस्तता के बावजूद लखनऊ से बाहर होते हुए भी इन बच्चों के रहने-खाने का इंतजाम करवाया। साथ ही इनके लिए होली की मिठाई भी भिजवाई। वहीं शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर बुलाकर इनसे मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से इन बच्चों की दिनचर्या की जानकारी ली। सभी बच्चों को उपहार दिया और इनके साथ आए शिक्षकों को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों से बातचीत कर उनकी शिक्षा और उनके लक्ष्यों के बारे में पूछा। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी बच्चों के साथ शिक्षकों का भी प्रदेश में प्रवास के दौरान विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिये।
आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में टाइगर रिजर्व श्रीसेलम के अंदरूनी हिस्से में चेंचू आदिवासियों का पलूतला गांव पड़ता है। वहां से संरक्षक कलिदासु की देखरेख में 21 बच्चों का एक दल साइकिल से यात्रा पर निकला है। इस दल में छह लड़कियां भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 150 दिन के सफर में ये बच्चे 15 प्रान्त, 75 जिले और 9,000 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय करेंगे।
होली के पहले पहले ये बच्चे अयोध्या में थे। वहां उन्होंने रामलला के दर्शन भी किये। इसके बाद लखनऊ आए हैं। इन बच्चों के मेंटर और संरक्षक कालिदासु और उनकी टीम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलना चाहते थे। मुख्यमंत्री ने उनकी इच्छा पूरी की। मुलाकात को लेकर सभी बच्चे और शिक्षक बेहद प्रसन्न नजर आए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *