सरकार करायेगी चूड़ी एवं कांच उत्पादों की ब्रांडिंग सार्वजनिक स्थानों पर स्टॉल लगाकर

0

फिरोजाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जनपद के सार्वजनिक एवं भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना’ के तहत चूड़ियों एवं कांच के आकर्षक आयटमों की स्टॉल लगवाकर इनकी ब्रांडिंग करायेगी। इन स्टालों पर उत्पादों का विवरण लिखे बोर्ड भी लगाये जायेंगे, ताकि लोगों को उन उत्पाद के बारे में जानकारी मिल सके।
 गौरतलब है कि फिरोजाबाद को सुहागनगरी के नाम से भी जाना जाता है। यहां सुहाग के प्रतीक चूड़ियों की खनक पूरे देश में सुनाई देती है। यहां के कांच से बने उत्पाद तो विदेशों में भी धूम मचा रहे हैं। फिरोजाबाद में करीब 400 कारखाने ऐसे हैं जिनमें चूड़ी या फिर कांच के आइटमों का उत्पादन होता है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ओडीओपी स्कीम के तहत यहां की चूड़ी, ग्लास उद्योग व कांच के बने उत्पादों को विकसित करने और उसकी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का निर्णय लिया है। सरकार अपनी इसी योजना के तहत जिले के कांच उत्पादों की ब्रांडिंग कराने जा रही है।
उद्योग विभाग के उपायुक्त अमरेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस ब्रांडिंग के तहत चूड़ी और ग्लास के उत्पाद हैं। इन उत्पादों के सार्वजनिक एवं भीड़ भाड़ वाले स्थानों रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, नगर निगम और गांधी आश्रम पर शोरूम खोले जायेंगे। इन शोरूम पर होर्डिंग्स लगाए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वालों को उस उत्पाद के बारे में पूरी जानकारी मिल सके। जो व्यक्ति शोरूम खोलेगा उन्हें सरकार 70 हजार रूपये प्रति वर्ष के हिसाब से अनुदान भी देगी। उन्होंने बताया कि इस काम के लिए इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे जा रहे हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *