रायपुर : लॉकडाउन नहीं प्रदेश में , मुख्यमंत्री ने टीकाकरण तेजी से कराने के दिए निर्देश

0

कलेक्टरों को परिस्थिति के अनुरूप तत्काल निर्णय लेने और जोखि‍म क्षेत्र घोषित करने के दिए निर्देश कोरोना संक्रमण रोकने मुख्यमंत्री ने ली उच्चस्तरीय बैठक



रायपुर, 29 मार्च (ह‍ि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में रव‍िवार को उनके निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण की रोकथाम और कोविड-19 टीकाकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण से प्रभावित जिलों में तेजी से कोविड-19 टीकाकरण कराये जाने का न‍िर्देश द‍िया है। प्रदेश में लॉकडाउन की संभावना को न‍िरस्‍त क‍िया है। कलेक्‍टरों को पर‍िस्‍थ‍ित‍ि के अनुरूप तत्‍काल न‍िर्णय लेने व जोख‍िम क्षेत्र घोष‍ित करने के न‍िर्देश द‍िए। साथ ही रात्र‍ि कर्फ्यू का अध‍िकार कलेक्‍टरों को द‍िया गया है।
टीकाकरण कराने में स्वास्थ्य विभाग के अलावा नगरीय निकायों के कर्मचारियों और शिक्षकों आदि की भी ड्यूटी लगायी जाए। टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए सरपंचों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिए जाए। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जारी की गई गाइडलाइन का कड़ाई से पालन किया जाए। इनमें किसी तरह की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इसी तरह होम आईसोलेशन के मरीजों के लिए जारी दिशा-निर्देशों का भी कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकाकरण कोविड-19 से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण उपाय है। टीकाकरण के बाद भी लोगों को मास्क और सेनेटाईजर का निरंतर उपयोग करते रहना है। टीकाकरण होने के बाद संक्रमित होने पर स्थिति गंभीर नहीं होती है। कोरोना टीके के दोनों डोज लगने के बाद भी यदि व्यक्ति को कोरोना संक्रमण होता है तो वह मामूली होगा और स्थिति उतनी अधिक गंभीर नहीं होगी। ऐसी स्थिति में अस्पताल में भर्ती होने या मृत्यु की संभावनाएं नहीं रहती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्थानों पर कोरोना संक्रमण का फैलाव तेजी से हो रहा है। उन स्थानों पर जोख‍िम क्षेत्र घोषित किया जाए। इसी प्रकार गांवों में भी कोरोना संक्रमण फैलने की स्थिति में जोख‍िम क्षेत्र बनाया जाए। उन्होंने कहा कि गृह एकांतवास का कड़ाई से पालन कराया जाए। गृह एकांतवास का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन करना सुनिश्चित कराया जाए। व्यापारिक और औद्योेगिक संस्थानों में काम करने वाले लोगों को विशेष ध्यान रखा जाए। उद्योगपति और व्यापारी यह सुनिश्चित करें कि वहां काम करने वाले सभी लोग मास्क लगाकर आए और सेनेटाईजर आदि का उपयोग करते रहें।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े। मुख्यमंत्री निवास में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य  रेणु जी पिल्लई, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्दार्थ कोमल सिंह परदेशी, आयुक्त स्वास्थ्य डॉ. सीआर प्रसन्ना, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं नीरज बंसोड़, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *