दो ट्रेनों की भीषण टक्कर मिस्र में , 32 की मौत, 91 घायल

0

काहिरा, 27 मार्च (हि.स.)। दक्षिणी मिस्र में शुक्रवार को दो ट्रेनों के बीच हुई भीषण टक्कर में 32 लोगों की मौत हो गई और 91 लोग घायल हो गए हैं। घटना स्थल पर तेजी से राहत व बचाव का कार्य जारी है।

मिस्र सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार राजधानी काहिरा के दक्षिण में 365 किलोमीटर दूर सोहाग प्रांत के तहता शहर के पास शुक्रवार को दो ट्रेनों के बीच हुई टक्कर में 32 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

रेल अधिकारियों के अनुसार यह हादसा मध्य मिस्र में उस समय हुआ जब किसी ने ट्रेन का इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया जिससे पीछे से आ रही दूसरी ट्रेन इससे टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि दूसरी ट्रेन भी उसी दिशा में उसी ट्रैक पर आ रही थी। टक्‍कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन के कई डिब्‍बे बेपटरी होकर पलट गए।

हादसे की सामने आई तस्वीरों में दोनों ट्रेनों की कई बोगियां एक-दूसरे पर चढ़ी दिखीं। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि तहता शहर के करीब हुई इस रेल दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्तेह अल-सीसी ने दुर्घटना के मारे गए लोगों के प्रति को शोक व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति अब्देल फत्तेह अल-सीसी ने कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।  राष्ट्रपति अब्देल फत्तेह अल-सीसी ने प्रधानमंत्री मुस्तफा मैदौली को मंत्रियों के साथ दुर्घटना स्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *