दिल्ली :दो की मौत, पत्नी समेत चार को दिया था जहर

0

नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। पत्नी के गर्भपात करवाने से नाराज पति ने पत्नी समेत उसके परिवार के चार सदस्यों को थैलियम नामक जहर दे दिया। जहर ने धीरे-धीरे असर किया। जनवरी के अंत में दिए जहर से एक-एक कर आरोपित की सास व साली की मौत हो गई। जबकि ससुर व पत्नी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
पुलिस ने अब केस दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पश्चिमी जिले के इन्द्रपुरी इलाके की है। पश्चिमी जिले की डीसीपी उर्विजा गोयल के अनुसार, आरोपित पति की पहचान ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 निवासी वरुण अरोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के घर से कांच की छोटी बोतल में मौजूद थैलियम पदार्थ भी बरामद कर लिया है।
गर्भपात करवाने से नाराज था पति 
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्ष आरोपित वरुण की पत्नी ने गर्भपात करवाया था। वरुण यह मानता था कि उसकी पत्नी द्वारा जन्म दिये जाने वाला बच्चा उसके पिता के रूप में आयेगा। उस बच्चे के द्वारा उसके पिता जन्म लेंगे, लेकिन पत्नी के गर्भपात करवाने पर वह पत्नी से नाराज हो गया। इसपर उसका पत्नी से झगड़ा भी हुआ। झगड़ा इतना बढ गया कि पत्नी अपने दो बच्चों को लेकर इन्द्रपुरी अपने पिता के घर आ गई।
पार्टी के बाहने दिया था सबको जहर 
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जनवरी माह के अंतिम दिनों में आरोपित अपनी ससुराल में आया। पत्नी समेत सभी को पार्टी देने की बात कहकर उसने सभी को मछली में थैलियम मिलाकर दे दिया। उसने अपने दोनों बच्चों को मछली नहीं खाने नहीं दिया और खुद भी दांत में दर्द की बात कहकर नहीं खाया। मछली आरोपित के ससुर देवेंद्र मोहन शर्मा, सास अनिता देवी, साली प्रियंका, पत्नी दिव्या और नौकरानी ने खाया था।
पहली मौत 15 फरवरी को हुई 
पुलिस के अनुसार, सभी को खाना खिलाकर आरोपित अपने घर चला गया। इधर खाना खाने के बाद कुछ दिन बाद साली प्रियंका की तबीयत खराब हुई। परिवार ने उसे सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ दिन उपचार के बाद 15 फरवरी को प्रियंका ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद अचानक सभी लोगों की तबीयत खराब हो गई। सभी को उक्त अस्पताल में ही भर्ती कराया गया।
22 मार्च को पुलिस को दी गई सूचना 
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इसी बीच 22 मार्च को आरोपित वरुण की सास अनिता की भी मौत हो गई। पूछताछ के दौरान डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि सास अनिता के खून व मल-मूत्र की जांच की गई थी। उसमें थैलियम जहर के पदार्थ मिले हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, इसी परिवार के दो अन्य लोगों के शरीर में भी इसी तरह का जहर है।
शक के आधार पर पति गिरफ्तार 
डीसीपी उर्विजा गोयल के अनुसार,जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मछली खाने के बाद ही सभी की तबीयत खराब हुई है।  पता चला कि यह मछली आरोपित द्वारा खिलाई गई। पुलिस की पूछताछ में भी आरोपित वरुण ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि पत्नी के गर्भपात करवाने से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया, जिससे फोन कर उसने उक्त जहर मंगवाया था।
क्या है थैलियम ? 
पुलिस का कहना है कि थैलियम एक स्लो पॉइजन है, जो धीरे-धीरे जिंदगी ले लेता है। इससे इंसान के बाल उड़ने लगते हैं और शरीर में अन्य तरह की परेशानियां पैदा होने लगती हैं। अंत में उसकी मौत हो जाती है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *