मुंबई में 305 इमारतें सील,कोरोना का बढ़ा कहर

0

मुंबई, 20 मार्च (हि.स.)। मुंबई सहित महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन चाक चौबंद हो गया है। मुंबई में कोरोना की वजह से 305 इमारतों को सील कर दिया गया है। इसी तरह शहर के 34 क्षेत्रों को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। मुंबई नगर निगम की महापौर किशोरी पेडणेकर ने लॉकडाउन से बचने के लिए लोगों से कोरोना नियमावली का कठोरता से पालन करने की अपील की है।
मुंबई में आज शनिवार को तीन हजार 62 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। पिछले सप्ताह से ही मुंबई सहित राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुंबई में आज मिले कोरोना संक्रमितों की संख्या अब तक पाए गए हर दिन के संक्रमितों से सबसे अधिक है। इसे देखते हुए मुंबई नगर निगम ने अब तक मुंबई शहर में बड़े पैमाने पर कोरोना मरीजों की ट्रेसिंग, टेस्टिंग शुरू कर दी है। मुंबई नगर निगम के आयुक्त इकबाल चहल ने मुंबई में प्रतिदिन 50 हजार लोगों का कोरोना टेस्ट करवाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। टेस्टिंग के दौरान पाजिटिव पाए गए कोरोना संक्रमितों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया जा रहा है। शनिवार को महापौर किशोरी पेडणेकर ने गोरेगांव मे हाइवे पर पहुंचीं और सभी नागरिकों से मास्क लगाने की अपील की।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *