अरुण कुमार सह सरकार्यवाह और राममाधव की वापसी, संघ के नए पदाधिकारी घोषित

0

नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर्वोच्च निर्वाचित पद सरकार्यवाह के लिए दत्तात्रेय होसबाले के चयन के बाद कुछ अन्य पदाधिकारियों में भी बदलाव हुआ है। अरुण कुमार को सह सरकार्यवाह बनाया गया है। वह वर्तमान में अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख थे। वहीं राम माधव की भाजपा से मूल संगठन में वापसी हुई है।

शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में दायित्व निर्वहन के लिए नए लोगों का चयन किया गया। आरएसएस ने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से दत्तात्रेय के चयन की घोषणा की। इसमें कहा गया, “संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में सरकार्यवाह पद के लिए श्री दत्तात्रेय होसबाले जी निर्वाचित हुए। वे 2009 से सह सरकार्यवाह का दायित्व निर्वहन कर रहे थे।

इसके बाद संघ कार्य से जुड़े अन्य पदों में हुए बदलाव की जानकारी मिली है। अरुण कुमार को सह सरकार्यवाह का दायित्व सौंपा गया है। संघ में सरसंघचालक और सरकार्यवाह के बाद 6 सह सरकार्यवाह हैं। रामलाल अब अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख बनाया गए हैं। सुनील आम्बेकर को अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख और आलोक कुमार को अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख बनाया गया है। भाजपा में सक्रिय रहे राम माधव को फिर से संघ का दायित्व सौंपा गया है। उन्हें संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी में जगह दी गई है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *