दो युवक गिरफ्तार,पटना विवि के छात्रावास में पुलिस की दबिश

0

पिस्टल और गोलियां बरामद



पटना, 20 मार्च (हि.स)। राजधानी की तीन थानों की पुलिस ने शुक्रवार की देर रात दो बजे पटना यूनिवर्सिटी के चर्चित सैदपुर हॉस्टल में एक साथ दबिश दी। पुलिस ने हॉस्टल से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने हॉस्टल के कमरे से एक पिस्टल और गोलियां बरामद की हैं।
बदमाशों ने पटना में शुक्रवार को आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से गार्ड को गोली मारकर नौ लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस की इस कार्रवाई को उससे ही जोड़कर देखा जा रहा है। बताया गया है कि पटना विश्वविद्यालय के सैदपुर हॉस्टल में देर रात बहादुरपुर, कदमकुआं और गांधी मैदान थाने की पुलिस टीम के एक साथ धमकने से अफरा-तफरी मच गई। सादे लिबास में पुलिसवालों ने हॉस्टल में छापेमारी की थी।
बड़ी संख्या में पुलिस की गाड़ियां और खाकीवालों को देखकर छात्रावास के कमरों में मौजूद छात्र जब तक कुछ समझ पाते, तब तक पुलिस हॉस्टल के कमरा नंबर एस-12 में दबिश दे दी। टीम ने कमरे में मौजूद दो युवकों को पकड़ लिया और कमरे की तलाशी ली। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस दस्ते को एक पिस्टल और गोलियां मिलीं। दोनों युवक बेगूसराय के रहने वाले हैं। एक का नाम अभिषेक और दूसरे का विवेक बताया जा रहा है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *