पीएम मोदी का खत व्यस्त दिनचर्या के बीच किसान के नाम

0

नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर नैनीताल के किसान खीमानंद को पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के साथ-साथ खेती-किसानी से जुड़ी अन्य योजनाओं की चर्चा की है। साथ ही खीमानंद को अपने विचार साझा करने के लिए धन्यवाद कहा है।

उत्तराखंड के नैनीताल में रहने वाले खीमानंद के नाम प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को एक पत्र लिखा। उस पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में व्यापक कवरेज और पारदर्शी दावा निस्तारण प्रोसेस के माध्यम से फसल बीमा योजना, किसान कल्याण को समर्पित हमारे संकल्पित प्रयासों और पक्के इरादों की एक महत्वपूर्ण मिसाल बन कर उभरी है।

आगे उन्होंने कहा कि सर्वांगीण और सर्वस्पर्शी विकास के दृष्टिकोण के साथ आज देश एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की ओर तेजी से अग्रसर है।

खीमानंद ने ‘नमो ऐप’ के जरिए पीएम मोदी को संदेश भेजकर पीएमएफबीवाई के पांच सफल वर्ष पूरे होने और सरकार के अन्य प्रयासों के लिए बधाई दी थी। उस पत्र का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे अपने विचारों को साझा करने के लिए धन्यवाद दिया।

अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा है, ‘कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में सुधार और देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों पर अपने बहुमूल्य विचार साझा करने के लिए आपका आभार। ऐसे आत्मीय सन्देश मुझे देश की सेवा में जी-जान से जुटे रहने की नई ऊर्जा देते हैं।’

पीएमएफबीवाई की सफलता का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया, ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना मौसम की अनिश्चितता से जुड़े जोखिम को कम कर मेहनती किसान भाई बहनों के आर्थिक हितों की रक्षा करने में लगातार अहम् भूमिका निभा रही है। किसान हितैषी बीमा योजना का लाभ आज करोड़ों किसान ले रहे हैं।’

कृषि और किसान कल्याण के प्रति संकल्पित सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आगे पत्र में लिखा है, ‘पिछले पांच वर्षों में व्यापक कवरेज और पारदर्शी दावा निस्तारण प्रक्रिया के माध्यम से यह योजना किसान कल्याण को समर्पित हमारे संकल्पित प्रयासों और पक्के इरादों की एक महत्वपूर्ण मिसाल बन कर उभरी है। आज बीज से लेकर बाजार तक किसान भाई-बहनों की हर छोटी-बड़ी दिक्कतों को दूर करने और अन्नदाता की समृद्धि और कृषि की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।’

इस पत्र के जरिए प्रधानमंत्री ने देश की प्रगति में देशवासियों के योगदान और उनकी भूमिका की सरहाना भी की है। उन्होंने लिखा है कि ‘सर्वांगीण और सर्वस्पर्शी विकास के दृष्टिकोण के साथ आज देश एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की ओर तेजी से अग्रसर है। समस्त देशवासियों के विश्वास से ऊर्जित देश राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए एकनिष्ठ है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि देश को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे प्रयास आगे और तेज होंगे।’

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *