अक्षय कुमार ने फिल्म ‘रामसेतु” का किया मुहूर्त पूजन रामलला के दरबार में

0

अयोध्या, 18 मार्च (हि. स.)। श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित रामलला के दरबार में बृहस्पतिवार को अभिनेता अक्षय कुमार ने माथा टेका और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों के साथ फिल्म ‘रामसेतु’ का मुहूर्त पूजन किया।
रामनगरी अयोध्या पहुंचे अक्षय कुमार का राम नगरी के राज सदन में स्वागत किया गया। अक्षय कुमार ने अयोध्या पहुंच कर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी और अयोध्या राज परिवार के विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र से राज सदन में मुलाकात की। अक्षय के साथ फिल्म अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस व नुसरत भरुचा भी मौजूद रहीं। राज सदन में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय और डॉ. अनिल मिश्र भी मौजूद रहे।
अक्षय कुमार राज सदन से निकलने के बाद रामलला के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने रामलला के दरबार में फिल्म ‘रामसेतु’ की मुहूर्त पूजा की। राम की पैड़ी में भारी भीड़ होने के नाते जिला प्रशासन ने अक्षय कुमार का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। राम की पैड़ी पर अभिनेता के पहुंचने के बाद प्रशंसकों भारी भीड़ उमड़ पड़ी। डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में प्रशासन भीड़ को नियंत्रित कर पाने में विफल रहा। जिसकी वजह से राम की पैड़ी पहुंचने के बाद अक्षय कुमार का काफिला वापस हो गया। यहां से वापस जाते समय अक्षय कुमार लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करेंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *