उप्र बनाएगा एक नया विश्व कीर्तिमान,योगी सरकार के चार साल

0

प्रदेश के करीब 400 पर्यटन स्थलों के विकास का 20 मार्च को होगा एक साथ शिलान्यास19 मार्च को योगी सरकार के हो रहे चार साल 



लखनऊ, 18 मार्च (हि.स.)।  उत्तर प्रदेश की योगी सरकार 19 मार्च को अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरा करने जा रही है। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक नया विश्व कीर्तिमान बनाने जा रहे हैं। बीस मार्च को वह प्रदेश के करीब 400 पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों का एक साथ शिलान्यास करेंगे।
दुनिया में शायद ही कभी ऐसा अवसर आया हो जब किसी राज्य के करीब चार सौ पर्यटन स्थलों पर विकास कार्यों का एक साथ शुभारम्भ हुआ हो। मुख्यमंत्री योगी अपनी इस अति महात्वाकांक्षी योजना का सामूहिक श्रीगणेश गोरखपुर से करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य मंत्री डाॅ. नीलकंठ तिवारी भी उपस्थित रहेंगे।
पर्यटन मंत्री डाॅ. तिवारी ने हिन्दुस्थान समाचार से एक विशेष वार्ता में गुरुवार को यहां बताया कि योगी सरकार ने उप्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना’ की शुरूआत की है। इसके तहत प्रदेश की हर विधानसभा में एक पर्यटन स्थल के विकास का एजेंडा सरकार ने तैयार किया है। सरकार की इस योजना से प्रदेश में विलेज टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
डाॅ. तिवारी ने बताया कि उप्र में ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक जनपद के महत्वपूर्ण धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों को विकसित किया जाएगा। इससे देशी और विदेशी पर्यटक विलेज टूरिज्म के तहत गांवों में कुछ पल बिता कर स्थानीय खूबसूरती-विशेषताओं का आनन्द उठाएंगे। इससे गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रदेश के सभी विधायकों से उनके क्षेत्र के एक पर्यटन स्थल को विकसित करने का प्रस्ताव मांगा गया था। विभाग द्वारा प्रत्येक पर्यटन स्थल के विकास के लिए 50 लाख रुपये तक के कार्य कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी प्रदेश के सभी 403 विधानसभा में एक साथ शिलान्यास करेंगे। मंत्री ने उम्मीद जताई है कि ये सभी विकास कार्य सात माह के अंदर पूर्ण हो जाएंगे और आगामी सितम्बर माह में उनका लोर्कापण भी कर दिया जाएगा।
प्रदेश के करीब 400 पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए एक साथ हो रहे शिलान्यास कार्यक्रम पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला कहते हैं कि मुख्यमंत्री योगी का यही विजन उन्हें प्रदेश के पूर्ववर्ती मुख्यमंत्रियों से इतर दर्शाता है।
भाजपा प्रवक्ता ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने संस्कृति और आध्यात्म के जरिये प्रदेश के पर्यटन को नई रफ्तार दी है। नतीजतन पिछले चार वर्षों में देशी और विदेशी पर्यटकों ने सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश का रुख किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारत की पहचान अपनी संस्कृति और परंपराओं के लिए है और उत्तर प्रदेश भारतीय संस्कृति की आत्मा है। यह प्रदेश सदियों से सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र रहा है, लेकिन इस पहचान को संजोने और उसे विश्व पटल पर प्रस्तुत करने के प्रयास कभी नहीं हुए थे। लेकिन, योगी आदित्यनाथ ने सूबे की इस विशेषता को पहचाना और संस्कृति व आध्यात्म के साथ प्रदेश के विकास का नया तानाबाना बुना। इसके तहत उन्होंने अयोध्या, काशी, मथुरा तथा तीर्थराज प्रयाग के साथ समूचे राज्य की तस्वीर ही बदल कर रख दी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *