बाल-बाल बचे केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा,पुरुलिया में भाजपा के प्रचार रथ पर हमला

0

कोलकाता, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीखों की घोषणा हो जाने के बाद चुनाव आयोग शांतिपूर्वक मतदान कराने के लाख दावे कर रहा है लेकिन चुनावी हिंसा पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा घटना पुरुलिया जिले की है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के लिए आये केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा बाल-बाल बच गये।
अर्जुन मुंडा बंगाल चुनाव में आदिवासी बहुल इलाकों में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। इसी के तहत मंगलवार को वह पुरुलिया जिले के मानबाजार विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे थे। क्षेत्र के श्यामपुर गांव में बिरसा मुंडा, सिदो कान्हू रथ पर पर कुछ लोगों द्वारा हमला किया गया। आरोप है कि हमलावर तृणमूल कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक थे। इस रथ पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के अलावा मानबाजार की भाजपा प्रत्याशी गौरी सिंह सरदार एवं झारखंड के बहरागोड़ा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी सवार थे। इस हमले में रथ को काफी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि अर्जुन मुंडा को भी चोट लगी है, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक चिकित्सा की जरूरत पड़ी है।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि पुलिस को तत्काल शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। बिरसा मुंडा, सिदो कान्हू रथ पर हमले के बाद केंद्रीय मंत्री की एक पुलिस अधिकारी के साथ बहस भी हुई। कहासुनी के बाद पुलिस अधिकारी वहां से चला गया। इससे सम्बन्धित एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सुना जा सकता है कि अर्जुन मुंडा के साथ मौजूद लोग पुलिसकर्मी से पूछ रहे हैं कि आखिर केंद्रीय मंत्री के साथ वह इस तरह से क्यों बात कर रहे हैं, जिस पर पुलिसकर्मी लापरवाही से बात करते हुए चला जाता है। भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने इसका वीडियो साझा किया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *