कोमरोस के विदेश मंत्री ने भारत का आभार जताया खाद्य सहयोग के लिए

0

मोरोनी, 16 मार्च (हि.स.)। कोमरोस के विदेश मंत्री धुहिर धूलकमल ने खाद्य सहयोग के रूप में 1000 मीट्रिक टन चावल देने के लिए भारत का आभार जताया है। साथ ही कहा है कि भारत और कोमरोस के निवासी आपस में भाई-भाई हैं।

मेडागास्कर और कोमरोस में भारतीय राजदूत अभय कुमार के साथ वीडियो कॉल के दौरान धुहिर धूलकमल ने 1000 मीट्रिक टन चावल उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद भी दिया है।

भारतीय नौसेना के जहाज जलाश्व के जरिये रविवार को पोर्ट ऑफ अंजुआन में 1000 मीट्रिक टन चावल पहुंचाया गया।

इससे पहले जून 2020 में भारतीय नौसेना के जहाज के जरिये कोरोना की 19 आवश्यक दवाइयों की खेप भारत की ओर से मदद स्वरूप दी गई थी। साथ ही भारत की ओर से 14 सदस्यीय मेडिकल टीम भी भेजी गई थी, जिसने कोमरोस प्रशासन के साथ मिलकर कोरोना की स्थिति को नियंत्रित करने का काम किया था।

कोमरोस और भारत के संबंध हमेशा करीबी और मैत्री पूर्ण रहे हैं। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी कई समानताएं हैं। मिशन सागर से दोनों देशों के बीच संबंध और प्रगाढ़ हो गए हैं।

यह तैनाती भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और क्षेत्र में सभी निवासियों के लिए सुरक्षा और विकास के दृष्टिकोण को भी प्रतिध्वनित करती है और आईओआर के देशों के साथ संबंधों के लिए भारत द्वारा दिए गए महत्व को परिलक्षित करती है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *