विलय के अलावा और कोई विकल्प नहीं था जनता दल यूनाइटेड में पार्टी के : उपेंद्र कुशवाहा

0

उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी रालोसपा का जनता दल यूनाइटेड में किया विलय



पटना, 14 मार्च (हि.स.)।राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के विलय के अलावा और कोई विकल्प नहीं था।
उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी कार्यालय में आज विलय से ठीक पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा है कि हमारे पास सामाजिक और राजनीतिक संघर्ष के लिए इसके अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा था।विलय से पहले कुशवाहा ने नीतीश कुमार की शान में खूब कसीदे पढ़े हैं।
कुशवाहा ने कहा है कि वह नीतीश कुमार की राजनीति के मुरीद रहे हैं। राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बाद प्रेस वार्ता करते हुए कुशवाहा ने कहा कि दो दिनों तक हुई बैठक में पार्टी के सभी नेताओं ने मुझे फैसले के लिए अधिकृत किया था।काफी सोच समझ कर मैंने यह तय किया है कि जनता दल यूनाइटेड के साथ अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी का विलय कर दिया जाए।इससे ना केवल हमारा संघर्ष मजबूत होगा बल्कि बिहार की राजनीति में हम और ज्यादा सशक्त बनेंगे।
कुशवाहा ने कहा कि बीते विधानसभा चुनाव के नतीजे में जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक बार फिर से सूबे का मुख्यमंत्री चुना इसलिए उन्होंने और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के सभी सदस्यों ने नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकार करते हुए पार्टी का जनता दल यूनाइटेड में विलय करने का फैसला किया है।
कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्र और राज्य के हित में, बिहार में समान विचारधारा वाले लोगों को एक साथ आना चाहिए. यह वर्तमान राजनीतिक स्थिति की मांग है. इसलिए, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में जद (यू) के साथ विलय का फैसला किया है. अब हम उनके साथ खड़े हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *