लखनऊ पुलिस ने दबोचा दिल्ली में युवती की हत्या के आरोपित को

0

लखनऊ, 14 मार्च (हि. स.)। दिल्ली में एक युवती की हत्या कर फरार चल रहे आरोपित को लखनऊ की सर्विलांस सेल ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा के पास शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था नवीन अरोरा ने बताया कि दिल्ली पुलिस से उन्हें सूचना मिली थी कि हत्या का एक आरोपित लखनऊ की तरफ जा रहा है। इस सूचना के बाद सर्विलांस सेल के प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में आरोपित को पकड़ने के लिए टीम को सतर्क कर दिया गया।
टीम ने काकोरी क्षेत्र स्थित लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा के पास कार पर सवार आरोपित को पकड़ लिया है। पकड़े गये आरोपित की पहचान मुकेश कुमार पासवान के रूप में हुई है, मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह दिल्ली के थाना सुभाष प्लेस क्षेत्र के जेजे कॉलोनी में रहता है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपित ने युवती रेशमा को अपने फ्लैट की बालकनी से गिरा दिया। इसके बाद सबूत छुपाने की कोशिश की। इस संबंध में वादी युवराज ने मुकेश के खिलाफ थाना सुभाष पैलेस नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी विवेचना प्रभारी निरीक्षक आशीष सिंह दलाल द्वारा की जा रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्त को दिल्ली पुलिस की अभिरक्षा में नियमानुसार आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *