‘वैक्सीन पहल’ की शुरुआत की संभावना क्वाड नेताओं के सम्मेलन में

0

नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। भारत, अमेरिका, जापान और आस्ट्रेलिया के शीर्ष नेताओं की पहली क्वाड शिखर वार्ता में कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए ‘वैक्सीन पहल’ की शुरुआत होने की संभावना है। विश्व स्तर पर विशेषकर ‘भारत-प्रशांत’ क्षेत्र में सस्ती वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए यह चारों देश आपस में सहयोग करेंगे।

क्वाड शिखर वार्ता के एजेंडे में कोविड वैक्सीन पर विशेष रूप से चर्चा होगी। योजना है कि वैक्सीन का विकास अमेरिका में हो। भारत में उसका उत्पादन हो, जबकि जापान इसमें आर्थिक योगदान करेगा और आस्ट्रेलिया अन्य तरीके से आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। इस प्रयास के तहत भारत में वैक्सीन उत्पादन की क्षमताओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि भारत ‘हिन्द-प्रशांत’ क्षेत्र में वैक्सीन का निर्यात कर सके।

शिखर वार्ता से जुड़े भारतीय सूत्रों के अनुसार ‘वैक्सीन पहल’ के जरिए भारत के वैक्सीन मैत्री अभियान को बहुत मदद मिलेगी और इसका विस्तार होगा। महामारी से लड़ने में भारत की भूमिका की साख बढ़ेगी। भारत विश्व स्वास्थ्य आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण योगदान कर रहा है तथा स्वास्थ्य सुरक्षा में उसकी प्रमुख भूमिका है।

उल्लेखनीय है कि भारत में दुनिया के कुल वैक्सीन का 60 प्रतिशत उत्पादन होता है और कोरोना महामारी के संबंध में भारत को दुनिया की फार्मेसी का दर्जा दिया जा रहा है।

भारत दुनिया के करीब 70 देशों को वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है तथा उपहार अथवा वाणिज्यिक आधार पर अबतक कुल 6 करोड़ वैक्सीन भेजी जा चुकी हैं। भारत ने संयुक्त राष्ट्र के स्वास्थ्य कर्मियों को भी एक लाख वैक्सीन भेजा है।

सूत्रों के अनुसार क्वाड देशों की क्षमताओं को एकजुट कर दुनिया में वैक्सीन उपलब्धता को बढ़ाया जा सकेगा। साथ ही मांग और आपूर्ति के अंतर को भी कम किया जा सकेगा।

क्वाड शिखर वार्ता भारतीय समयानुसार शाम सात बजे होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन, जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा और अमेरिका के राष्ट्रपति जोसेफ आर. बाइडेन इस वर्चुअल शिखर वार्ता में भाग लेंगे। इसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के भी शामिल होने की संभावना है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *