महिलाओं का अपमान किया कांग्रेस नेता हुड्डा ने : स्मृति ईरानी

0

नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के बहाने कांग्रेस पार्टी महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 08 मार्च को एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आह्वान कर रहे थे कि नारीशक्ति का आर्थिक रूप से सशक्तिकरण हो और दूसरी ओर कांग्रेस के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ट्रैक्टर पर बैठकर महिलाओं से कह रहे थे कि वो उनका ट्रैक्टर खींचे क्योंकि उन्हें राजनीतिक प्रदर्शन करना था।

ईरानी ने कहा कि राजनीतिक प्रदर्शन करना था तो हुड्डा और कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रैक्टर खींचते, महिलाओं से यह काम क्यों कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को सशक्त करने पर जोर दे रहे हैं और दूसरी और कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी महिला होते हुए भी इस बारे में चुप्पी साधे हुए हैं।

भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वांती श्रीनिवासन ने कहा कि कांग्रेस नेता हुड्डा का वायरल वीडियो न सिर्फ शर्मनाक है बल्कि यह अपमानित करने वाला भी है। इस वीडियो में कांग्रेस नेता मीडिया का ध्यान खींचने में जुटे हैं और महिलाओं के साथ बंधुआ मजदूरों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इसकी कड़ी निंदा करता है।

उल्लेखनीय है कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर कांग्रेस नेता हुड्डा बीते दिनों हरियाणा विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन कर रहे थे। इसका वीडियो वायरल है जिसमें वह एक ट्रैक्टर पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं और महिला विधायक उस ट्रैक्टर को खींच रही हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *