मप्रः हथेली और पैर का पंजा काटा शराबी ने पत्नी की, गिरफ्तार

0

भोपाल, 10 मार्च (हि.स.)। राजधानी भोपाल में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पति ने शराब के नशे में चरित्र शंका के चलते फरसे से पत्नी के बाएं हाथ की हथेली और बाएं पैर का पंजा काट दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायल महिला को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां ऑपरेशन कर उसके कटे अंगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना निशातपुरा थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि होशंगाबाद निवासी 32 वर्षीय प्रीतम सिंह सिसोदिया अपनी पत्नी और सात साल के बच्चे के साथ पारस कॉलोनी में रहता है। प्रीतम मेहनत-मजदूरी करता है, जबकि संगीता इंदौर की एक फैक्टरी में सुपरवाइजर है। वह 15-15 दिन में इंदौर से भोपाल आती है। वहीं बेटा अपने पिता के साथ भोपाल में रहता है।
जानकारी के अनुसार भोपाल आने के बाद भी संगीता अधिकतर समय फोन पर बात करती रहती थी, इसपर प्रीतम को एतराज था। आए दिन दोनों में इस बात को लेकर विवाद होता था। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे प्रीतम शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी के चरित्र को लेकर सवाल उठाने लगा। इसपर दोनों में फिर से विवाद शुरू हो गया। तभी गुस्से में प्रीतम ने घर में रखा फरसा उठाया और पत्नी के बाएं पैर का पंजा और बाएं हाथ की हथेली काटकर शरीर से अलग कर दी।
घटना के बाद आरोपी घर में बैठा रहा। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब पहुंचीं, तब प्रीतम कमरे में फरसा लिए खड़ा था और पुलिस टीम पर भी हमले की बात कह रहा था। हालांकि पुलिस की सूझबूझ से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने प्रीतम पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है, जबकि संगीता की कटी हुई हथेली और पंजे को हमीदिया ले जाकर डॉक्टरों को सौंपा गया है। इन्हें छह घंटे में जोड़ा जा सकता है, इसलिए देर रात डॉक्टरों ने ऑपरेशन शुरू कर दिया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *