मिलेगा 8.5 प्रतिशत ब्याज,नहीं घटेगी ईपीएफओ जमा पर ब्याज दर

0

मुंबई, 04 मार्च (हि.स)। प्रोविडेंट फंड (पीएफ) की श्रेणी में आने वाले कर्मचारियों के लिए गुड न्यूज आई है।  इंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (ईपीएफओ) ने लगभग 6 करोड़ कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए वित्त वर्ष 2020-21 के लिए ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी आपको 8.5% की दर से ब्याज मिलता रहेगा।

2020-21 में ब्याज दरों में कोई बदलाव ना करते हुए ईपीएफओ ने पीएफ जमा पर ब्याज दरों को 8.5 प्रतिशत पर स्थिर रखा है। जबकि, इससे पहले माना जा रहा था कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बढ़ती कीमतों से परेशान वेतनभोगी कर्मचारियों को झटका देते हुए ईपीएफओ ब्याज की दरों में कटौती कर सकता है।

वित्त वर्ष 2020-21 के लिए भविष्य निधि जमा पर ब्याज दरों को तय करने के लिए गुरुवार को ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी मंडल की श्रीनगर में बैठक हुई, जिसमें 2020-21 के लिए ब्याज दरों को लेकर फैसला लिया गया। 2019-20 के लिए भी ईपीएफओ की ब्याज दरें 8.5 प्रतिशत ही थी।

उल्लेखनीय है कि ईपीएफओ ने 2019-20 के लिए 8.5 प्रतिशत ब्‍याज की घोषणा की थी, जो पिछले 7 साल में सबसे कम है। वित्‍त वर्ष 2012-13 में ईपीएफ पर ब्‍याज दर 8.5 प्रतिशत थी। पिछले साल मार्च में ईपीएफओ ने ब्‍याज दर में संशोधन किया था। इससे पहले वित्‍त वर्ष 2018-19 के लिए ईपीएफ पर 8.65 प्रतिशत ब्‍याज मिला था। वित्‍त वर्ष 2017-18 में ईपीएफ पर 8.55 प्रतिशत ब्‍याज का भुगतान किया गया था। वित्‍त वर्ष 2015-16 में ब्‍याज की दर 8.8 प्रतिशत थी। वित्‍त वर्ष 2013-14 में ईपीएफ पर 8.75 प्रतिशत की दर से ब्‍याज का भुगतान किया गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *