बोले सीएम नीतीश राहुल गांधी के बयान पर, देश में आपातकाल लगाना गलत था

0

सीएम ने कहा, जेलों के अन्दर की सभी चीजों पर रखनी होती है नजर



पटना, 03 मार्च (हि.स.)।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानमंडल परिसर में आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आपातकाल पर दिये गये बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि यह पहले से ही सबको मालूम है कि देश में इमरजेंसी लगाना गलत था। इमरजेंसी के शिकार हम सब लोग हुए थे। हमलोग उस समय युवा अवस्था में थे।

सीएम नीतीश ने कहा कि उस समय लोकनायक जयप्रकाश नारायण  के नेतृत्व में पूरे देश में आंदोलन चला था। इमरजेंसी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की गिरफ्तारी हुयी थी। इस दौरान इमरजेंसी के नाम पर लोगों के मौलिक अधिकारों को छीन लिया गया था। इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में देश की जनता ने कांग्रेस को पराजित कर अपना संदेश दे दिया था कि देश कांग्रेस के विरोध में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण  के विचारों से प्रभावित होकर देश की सभी विपक्षी पार्टियों ने एक साथ आकर जनता पार्टी का गठन किया था। इसके बाद केंद्र में जनता पार्टी की सरकार बनी थी। राहुल गांधी ने आज जो कुछ भी कहा है, यह उनका निजी विचार है।

मुख्यमंत्री ने कहा –जेलों के बारे में जानकारी समीक्षा बैठक के दौरान लेते रहते हैं

फिल्म स्टार्स पर आज हुए आयकर विभाग की रेड को लेकर पूछे गये पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयकर विभाग का मामला है। आयकर विभाग को नियम और कानून के तहत अधिकार दिये गये हैं। इसके बारे में प्रतिक्रिया व्यक्त करना उचित नहीं है। बिहार की जेलों में आज एक साथ हुई छापेमारी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जेल के अंदर की सभी चीजों पर नजर रखनी जरुरी है।

उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक के दौरान हम इन चीजों की जानकारी लेते रहते हैं कि कहां क्या स्थिति है। जेल का संचालन कैसे हो रहा है, जेल के अंदर क्या गतिविधि चल रही है, इसको कभी-कभी देखना जरुरी होता है। इसी को लेकर जेलों में छापेमारी की जाती है। यह बहुत ही आवश्यक है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों के समक्ष जो तथ्य सामने आये हैं, उस पर उपयुक्त कार्रवाई की जायेगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *