मैरीकॉम एआईबीए ‘चैंपियंस एंड वेटरंस’ समिति की अध्यक्ष बनीं

0

नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। छह बार की विश्व चैंपियन दिग्गज भारतीय मुक्केबाज मैरीकॉम को अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) ने ‘चैंपियंस एंड वेटरंस’ समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। मैरीकॉम ने सोशल साइट्स फेसबुक पर एआईबीए के नियुक्ति पत्र को पोस्ट कर उक्त जानकारी दी।
एआईबीए के निदेशक मंडल (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) की वोटिंग में 37 वर्षीय मैरीकॉम के नाम पर मुहर लगी। विश्व संस्था ने पिछले साल इस पैनल का गठन किया था।
एआईबीए अध्यक्ष उमर क्रेमलेव ने मैरीकॉम को लिखे नियुक्ति पत्र में कहा, “खुशी के साथ आपको सूचित करता हूं कि एआईबीए के निदेशकों के बोर्ड के मेल से वोटिंग के बाद आपको एआईबीए की ‘चैम्पियंस एंड वेटरंस’ समिति के अध्यक्ष के तौर पर सेवा करने के लिए चुना गया है।”
उन्होंने साथ ही कहा, ‘मुझे पूरा भरोसा है कि आपकी अपार जानकारी और अनुभव से आप इस महत्वपूर्ण समिति की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान करेंगी।’
गौरतलब है कि विश्व मुक्केबाजी में बेहतरी के उद्देश्य से पिछले साल दिसंबर में ही चैंपियंस एंड वेटरंस समिति का गठन किया गया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *