दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी की सेवाएं पुनः प्रारंभ

0

नई दिल्ली, 02 मार्च: कोविड-19 वैश्विक महामारी के साथ सामान्य जीवन को पुनः पटरी पर लाने हेतु भारत सरकार द्वारा कोरोना से बचाव को ध्यान में रखते हुए उचित दिशानिर्देशों का पालन करते हुए सार्वजनिक सेवाओं को धीरे-धीरे पुन: प्रारंभ किया जा रहा है । इस दौरान विद्यार्थियों विशेष कर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी  परीक्षाओं के लिए तैयारी कर रहे पुस्तकालय पाठकों को दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी की समस्त सेवाएं पुन: प्रारंभ होने का बेसब्री से इंतज़ार थाI लाकडाउन के समय भी विभिन्न माध्यमों के द्वारा दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी की सभी शाखाएं/ उप शाखाएं अपने पाठकों को यथासंभव सेवाएं प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहीI

तत्कालीन परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी द्वारा नियमित पुस्तकालय सेवाओं का संचालन दिनांक 01 फरवरी 2021 से सभी पुस्तकालय शाखाओं/ उप-शाखाओं तथा सचल पुस्तकालय केन्द्रों में पुनः प्रारंभ कर दिया हैI शाखाओं, उप-शाखाओं में उपलब्ध सन्दर्भ विभाग एवं स्वयं पठन केन्द्र की सेवाएं सामान्य पाठकों हेतु प्रतिमाह शुल्क 200/- रुपये तथा गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले पाठकों हेतु प्रतिमाह शुल्क 100/- रुपये की दर पर प्रदान की जा रही हैंI साथ ही, वरिष्ठ पाठकों सहित समस्त पाठकों हेतु समाचार-पत्र पठन कक्ष भी खोले जाने के शीघ्र ही उचित प्रबंध किए जा रहे हैं I

माह फरवरी 2021 से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु चांदनी चौक स्थित केन्द्रीय पुस्तकालय में अमीर खुसरो एवं गीतांजली सभागार भी अपनी आधी क्षमता (50%) के साथ सोमवार से रविवार प्रातः 10 से सायं 7 बजे तक पंजीकृत संस्थाओं के लिए शुल्क सहित बुकिंग हेतु उपलब्ध हैंI

सावधानी बरतते हुए कोविड-19 वैश्विक महामारी से बचाव हेतु पुस्तकालय परिसर में सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा गया है तथा मास्क तथा सेनिटाईज़र का प्रयोग करने हेतु उपयुक्त निर्देश एवं व्यवस्था भी की गयी हैI

पुस्तकालय सेवाओं की सम्पूर्ण जानकारी दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी की वेबसाइट (www.dpl.gov.in) तथा फेसबुक (@librarydpl) एवं ट्विटर (@delhipublibrary) पर उपलब्ध हैI साथ ही, किसी भी जानकारी हेतु पुस्तकालय हेल्पलाइन नंबर 011-23951116 पर सोमवार से शनिवार प्रात: 10 से सांय 5 बजे तक भी निसंकोच संपर्क कर सकते हैंI


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *