आज का कार्यकर्ता कल का नेता भाजपा में : जेपी नड्डा

0

काशी क्षेत्र के बूथ, मंडल स्तरीय कार्यकर्ताओं व आईटी सेल वालंटियर के साथ बैठक



वाराणसी, 01 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को मिशन 2022 फतह के लिए अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ दायित्व का एहसास कराते हुए कहा कि आप सभी नेता भी हैं और कार्यकर्ता भी। पार्टी पदाधिकारियों के साथ मिल जुल कर और समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार से नहीं, विचारों से चलती है। यहां का आज का कार्यकर्ता कल का नेता है।
दो दिवसीय दौरे के अन्तिम दिन सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पड़ाव स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन में काशी क्षेत्र के बूथ, मंडल स्तरीय कार्यकर्ताओं और आईटी सेल वालंटियर के साथ दो चरणों में बैठक कर उन्हें सम्बोधित कर रहे थे। स्मृति उपवन में पंडित दीनदयाल उपाध्‍याय की विशालकाय प्रतिमा को नमन कर चरणों में पुष्‍प अर्पित करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन का गुर भी बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा में काम करने के लिए अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। अपना उदाहरण देकर कहा कि मैं आज पार्टी अध्यक्ष हूं, कल नहीं रहूंगा लेकिन कार्यकर्ता हमेशा रहूंगा।
हमारी पार्टी परिवारवाद से नहीं, बल्कि विचारों से चलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्मयोगी की तरह कार्य कर रहे हैं। यहीं हमारे पार्टी की ताकत है असैा इसे संभाल कर आगे बढ़ाना है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी परिवारवाद से आगे नहीं बढ़ सकती है। भाजपा सत्ता के लिए नहीं समाज और देश के विकास के लिए कार्य कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंडल स्तरीय पदाधिकारी को एजेंडा बनाकर हर पखवाड़े बूथ पर बैठक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मंडल और बूथ स्तर पर पद के साथ जिम्मेदारी से भी कार्यकर्ताओं को जोड़ें। इसमें सभी वर्ग की भागीदारी होनी चाहिए।
हर बूथ पर 200 वोटरों का एक ग्रुप और 30 मतदाताओं पर पन्ना प्रमुख
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हर बूथ पर 200 लोगों का ग्रुप और 30 मतदाताओं पर पन्ना प्रमुख बनाने का लक्ष्य भी दिया। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन को मजबूती मिलेगी। सभी बूथों पर व्हाट्सअप ग्रुप बनाएं और सेक्टर स्तर पर हर माह कम से कम चार बैठक भी होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर दमदार तथ्यों से दें ​विरोधी दलों को जवाब
पार्टी अध्यक्ष ने आईटी सेल के वालंटियर को आक्रामण रणनीति के साथ थोड़ा ठहर कर विरोधी दलों के पोस्ट का जबाब देने को कहा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विरोधी दल भी सक्रिय हैं। इनका आईटी सेल जानबूझकर ऐसे कमेंट करता है कि हमारे कार्यकर्ता विचलित हो जाएं। ऐसे में तथ्य के साथ दमदार पोस्ट वायरल कर जबाब देने की जरूरत है। कमजोर पोस्ट पार्टी के साख के लिए अच्छा नहीं होता। वहीं, ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान का संकल्प दिलाया।
उन्होंने केन्द्र सरकार के छह साल के जन कल्याण कारी कार्यों, बड़े सामरिक फैसलों को तथ्यों के साथ वायरल करने को कहा। नड्डा ने कहा कि पोस्ट ऐसा दमदार हो कि तेजी से वायरल होने के साथ ही चर्चा का केन्द्र बन जाए।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, केन्द्रीय मंत्री और चंदौली के सांसद डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, सह प्रभारी सुनील ओझा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, काशी क्षेत्र प्रभारी सुब्रत पाठक, काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, वाराणसी और चंदौली के जिला पदाधिकरी, विधायक आदि के अलावा गाजीपुर, सोनभद्र, मीरजापुर, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, भदोही, प्रतापगढ़, कौशांबी, गंगापार, यमुनापार, मछली शहर जौनपुर के पदाधिकारी भी शामिल रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *