भारत-पाक संघर्ष विराम समझौते का स्वागत किया संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष ने

0

जिनेवा, 26 फरवरी (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष वोल्कन बोजकिर ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम समझौते का स्वागत किया है।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एक-दूसरे के मूल मुद्दों और चिंताओं को दूर करने के माध्यम से शांति प्राप्त करने की प्रतिबद्धता अन्य देशों के सामने उदाहरण खड़ा करती है और  संयुक्त राष्ट्र महासभा के मूल्यों को भी प्रदर्शित करती है।

दरअसल गुरुवार को दोनों देशों की ओर से संयुक्त बयान जारी कर कहा गया है कि दोनों ने एक तंत्र की स्थापना करने पर चर्चा की है। साथ ही लाइन ऑफ कंट्रोल पर संघर्ष विराम करने पर भी दोनों पक्षों ने सहमति जताई है। इसकी शुरुआत 25 फरवरी से हो गई है।

भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियानों के निदेशकों ने एलओसी और अन्य क्षेत्रों पर वर्तमान स्थिति की समीक्षा की है। दोनों पक्षों ने सभी समझौतों का पालन करने पर सहमति जताई है। इससे पहले गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा है कि एंटोनियो गुतरेस भारत और पाकिस्तान के एलओसी पर संघर्ष विराम करने को लेकर दोनों देशों की ओर से जारी किए गए बयान से प्रोत्साहित हैं और इस निर्णय की सराहना करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह आगे की बातचीत की ओर एक ‘सकारात्मक कदम’ है।

अमेरिका ने भी दोनों देशों के इस कदम को सराहा है। उन्होंने कहा है कि यह दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता स्थापित करने की ओर एक सकारात्मक कदम है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *