मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर भीषण दुर्घटना,पांच घायल

0

आरोग्य अधिकारी सहित पत्नी, मां, बेटी व एक अन्य की मौत



मुंबई, 16 फरवरी (हि.स.)। सोमवार देर रात मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर कंटेनर का ब्रेक फेल होने से हुए भीषण दुर्घटना में नवी मुंबई मनपा आयोग्य अधिकारी और उसके परिवार के चार लोगों सहित पांच की मौत हो गई है। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुणे से मुंबई की तरफ आते समय यह दुर्घटना हुई।
जानकारी के अनुसार मुंबई पुणे एक्सप्रेस वे पर हुए भीषण दुर्घटना में डॉ. वैभव वसंत झुंझारे (41), पत्नी वैशाली झुंझारे (38), मां उषा झुंझारे (63), पांच वर्षीय बेटी श्रिया झुंझारे के साथ मंजू प्रकाश नाहर (58) की मौत हो गई। जबकि अर्णब झुंझारे (11), स्वप्निल सोनाजी कांबले (30), प्रकाश हेमराज नाहर (65), किशन चौधरी, कालूराम जमनाजी जाट गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सोमवार देर रात डेढ़ बजे के करीब मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर खालापुर टोल नाके के पास मुंबई की तरफ जा रहे तेज रफ्तार कंटेनर का ब्रेक अचानक फेल हो गया। जिसके कारण ड्राइवर का नियंत्रण खो देने से आगे जा रही चार गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में डॉ. वैभव झुंझारे व उनके परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही खालापुर पुलिस और महामार्ग पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए। घायलो में दो लोगों को पनवेल के अष्टविनायक अस्पताल और दो लोगो को वाशी मनपा अस्पताल में जबकि एक अन्य व्यक्ति को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *