शाहनवाज सहित कई मंत्रियों ने अपने विभाग में दिया योगदान

0

बिहार में इंडस्ट्री लाना पहली प्राथमिकता-शाहनवाज



पटना, 10 फरवरी (हि.स.)। बिहार में मंगलवार को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आज शाहनवाज हुसैन सहित कई मंत्रियों ने अपने-अपने विभाग में योगदान दिया।शाहनवाज हुसैन सचिवालय पहुंचे और वहां उद्योग विभाग में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में इंडस्ट्री को लाना यहां के युवाओं को रोजगार मुहैया कराना हमारे प्राथमिकता में सबसे ऊपर होगा। देश के अलावा विदेशों में जाऊंगा और वहां के बड़े निवेशकों से आग्रह करुंगा कि वह बिहार आएं और उद्योग लगाएं। उन्होंने  कहा कि मैं बिहार में आने वाले उद्योगपतियों को किसी भी तरह की समस्या नहीं होने दूंगा।

शाहनवाज ने कहा कि बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री बाबू के सपनों को पूरा करना मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने मुझ पर जो भरोसा दिखाकर बिहार भेजा है उसपर खड़ा उतरने की कोशिश होगी। मैं अपनी जिम्मेदारी को भरपूर निभाऊंगा। मंत्री हुसैन ने कहा कि बिहार कैसे आत्मनिर्भर बने, उद्योग-धंधे के क्षेत्र में प्रगति हो, कैसे लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े और अधिकाधिक लोगों को यहीं काम मिले, ये मेरी पहली प्राथमिकताएं होंगी।

आलोक रंजन झा कला (संस्कृति एवं युवा मामलों के मंत्री)

बिहार सरकार में कला संस्कृति एवं युवा मामलों के मंत्री आलोक रंजन झा ने भी शुभ मुहूर्त में अपना दायित्व संभाल लिया।आलोक रंजन झा ने कार्यभार संभालने के बाद कहा कि आज शुभकामना देने का दिन है। अभी तो सब से परिचय करुंगा और विभाग को समझने की आवश्यकता है। जो काम मिला है, पूरे राज्य में उसका काम दिखेगा। आलोग रंजन झा ने कहा कि देश में 70 प्रतिशत युवा है, जिन्हें देखते हुए विभाग की ओर से रोजगार के सृजन किये जा रहे हैं। आर्ट यूनिवर्सिटी, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाए जाएंगे।

मदन सहनी (समाज कल्याण विभाग)

जदयू कोटे से तीसरी बार मंत्री बने मंदन सहनी ने कहा कि जो विभाग मिला है उसके कार्यकलापों में और बेहतरी के लिए सकारात्मक बदलाव लाएंगे। मुख्यमंत्री के सहयोगी के रूप में तत्परता से काम करेंगे। सरकार के कामकाज के साथ ही अपनी पार्टी की मजबूती के लिए भी काम करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

लेसी सिंह (खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग)

जदयू कोटे से मंत्री बनी लेसी सिंह ने अपना पदभार लेने के बाद कहा कि हमलोग 1996 से नीतीश कुमार के साथ काम कर रहे हैं। समता पार्टी से लेकर जदयू तक का सफर रहा है हमारा। मुझे खुशी है कि हमारे नेता ने मुझ जैसी गांव और मध्यवर्ग की बेटी को दूसरी बार यह मौका दिया है। महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार देने की दिशा में योगदान करूंगी। नीतीश कुमार के सपनों का बिहार बनाना हमारी प्राथमिकता है।

नारायण प्रसाद (पर्यटन विभाग)

जदयू कोटे से मंत्री बने नारायण प्रसाद ने अपना पदभार लेने के बाद कहा कि पहले तो नेतृत्व के प्रति आभार जताता हूं। मैं गांव-गरीब और अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम करुंगा। हमारी पार्टी की भी यही प्राथमिकता है। केन्द्रीय नेतृत्व ने जो निर्देश दिया है, उसके मुताबिक बिहार के विकास में योगदान दूंगा।

जमा खान (अल्पसंख्यक कल्याण विभाग)

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) छोड़कर जदयू में शामिल हुए जमा खान ने अपना दायित्व लेने के बाद कहा कि मैं बसपा छोड़कर जदयू में इसलिए आया ताकि अपने निर्वाचन क्षेत्र का विकास कर सकूं। जनता से किया वादा पूरा करूं। खुशी है अब क्षेत्र के साथ पूरे राज्य के लिए काम का मौका मिला है। नौजवान हूं, खूब दौड़ूंगा और मेहनत करुंगा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मेरे ऊपर कोई भी केस नही दर्ज है, यह सब विरोधियों की साजिश है।

प्रमोद कुमार (गन्ना उद्योग एवं विधि विभाग)

भाजपा कोटे के मंत्री प्रमोद कुमार ने अपना दायित्व संभालने के बाद कहा कि  मोतिहारी की जनता, भाजपा के केन्द्रीय व प्रदेश नेतृत्व तथा बिहार के मुख्यमंत्री  के प्रति आभार कि मुझे फिर मौका दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो जिम्मा मिला है उसका निर्वहन पूरी जिम्मेवारी कऔर ईमानदारी के  साथ करुंगा। आत्मनिर्भर बिहार के सपनों को साकार करने के लिए काम करुंगा।

उल्लेखनीय है कि बिहार मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ ही कैबिनेट में शामिल सभी 31 मंत्रियों के बीच विभागों का भी बंटवारा मंगलवार को ही कर दिया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सलाह पर मुहर लगाते हुए राज्यपाल फागू चौहान ने मंगलवार की शाम मंत्रियों के बीच विभागों का आवंटन कर दिया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *