उत्तराखंड के हर्षिल घाटी में बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट

0

बर्फ से लकदक हुई गंगा यमुना घाटी



उत्तरकाशी, 04 फरवरी (हि.स.)। पहाड़ों में बुधवार को सुबह से आसमान में बादल छाने के कारण जनपद में तापमान में काफी गिरावट हुई है। बुधवार शाम के बाद जनपद मुख्यालय सहित आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई। गुरुवार को हर्षिल, धराली, दयारा बुग्याल , चौरंगी खाल, हरकी दून घाटी में तेज हिमपात का दौर जारी है, जिसके बाद पहाड़ों ने एक बार फिर से बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। निचले इलाकों में ठंड से बचने के लिए स्थानीय लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
इस साल फरवरी माह के शुरुआत में जनपद के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल घाटी के 8 गांवों में जमकर बर्फबारी हुई है। सड़कें पूरी तरह बर्फ से ढक गई हैं। हर्षिल घाटी में करीब आधा फीट बर्फ गिर चुकी है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर इसी तरह बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा तो तापमान में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है। स्थानीय ग्रामीण संजय पंवार ने बताया कि बुधवार को दोपहर बाद हर्षिल घाटी में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। इससे एक बार फिर से होटल व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों को पर्यटकों के हर्षिल घाटी पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गई है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *