घर में ही दफनाए शव,जींद के गांव ढाबीटेक सिंह में मां-बेटे की हत्या

0

जींद, 28 जनवरी। जींद जिले के गांव ढाबी टेक सिंह में मां-बेटे की हत्या कर शवों के हाथ तथा पांव बांध कर घर में ही गड्ढा खोद कर दफनाने की दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी ताहिर हुसैन, सीन ऑफ  क्राइम टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्यों को जुटाया। फिलहाल यह नहीं पता चल पाया है कि दोनों की हत्या क्यों और किसलिए की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों के शवों को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल नरवाना के शव गृह में रखवाया गया है।
गांव ढाबी टेकसिंह निवासी रणबीर कौर (64) अपने बेटे हरप्रीत (47) के साथ गांव में रह रही थी। दोनों मां-बेटे की हत्या कर उनके ही मकान के आंगन में दबा दिया गया और ऊपर ईंटों से चिनाई की गई। दोनों की हत्या का खुलासा गुरुवार को उस दौरान हुआ जब रणबीर कौर के दूसरे बेटे पोला की पत्नी इंद्रजीत कौर अपनी ससुराल गांव ढाबीटेक सिंह पहुंची। पोला की मौत लगभग दो साल पहले हो गई थी। इंद्रजीत कौर अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ पटियाला में रह रही थी।
सास रणबीर कौर तथा देवर हरप्रीत घर पर दिखाई नहीं दिया। उसने आसपास पता किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वह गढ़ी थाना पहुंची और दोनों के गायब होने की शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर डीएसपी ताहिर हुसैन पुलिस बल के साथ गांव ढाबीटेकसिंह पहुंचे और मकान को खंगाला तो वहां पर खून के धब्बे पड़े दिखाई दिए। जिस पर पुलिस को घटना का संदेह हुआ। डयूटी मैजिस्टेट की देखरेख में आंगन की खुदाई करवाई गई तो दोनों मां.बेटा के शव बरामद हुए। हालांकि यह खुलासा नहीं हो पाया कि रणबीर कौर व उसके बेटे हरप्रीत की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या कारण रहे। मृतका रणबीर कौर की दूसरी बहु इंद्रजीत कौर ने बताया कि वह 13 जनवरी से अपनी सास तथा देवर के पास फोन कर रही है लेकिन कोई फोन को रिसीव नहीं कर रहा है। जिससे साफ जाहिर है कि दोनों मां.बेटे की हत्या पखवाड़ा पहले हुई है। फिलहाल गढ़ी थाना पुलिस विभिन्न एंगलों से जांच कर रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *