तांडव वेब सीरीज मामले में मुंबई में एफआईआर

0

मुंबई/लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। मुंबई की घाटकोपर पुलिस ने तांडव-बेव सीरीज मामले में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है। वेब सीरीज के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर तथा अभिनेता सैफ अली खान समेत अन्य कलाकारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
तांडव वेब सीरीज को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। आरोप है कि फिल्म में कई ऐसे दृश्य फिल्माए गए हैं जिनसे हिंदू धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। दूसरी तरफ राज्य शासन के निर्देश पर राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में भी वेब सीरीज के निर्माता-निर्देशक समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है। इसके संबंध में लखनऊ से एक पुलिस टीम बुधवार को मुंबई पहुंची है। पांच सदस्यीय इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनिल सिंह कर रहे हैं।
अनिल सिंह ने बताया कि अभी हजरतगंज थाने में दर्ज मामले के संबंध में निर्देशक अली अब्बास समेत 5 लोगों के घर और ऑफिसों का पता किया जा रहा है। इसके बाद संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।
इसी बीच महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने तांडव वेब सीरीज के खिलाफ कानून के मुताबिक कारवाई का वादा किया है। देशमुख ने केंद्र सरकार से ओटीटी प्लेटफार्म पर प्रदर्शीत होने वाली सीरीज के बारे में नियम बनाने की भी मांग की है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *