नेपाल को कोरोना वैक्सीन की 1 मिलियन डोज देगा भारत

0

काठमांडू, 20 जनवरी (हि.स.)। भारत नेपाल को 21 जनवरी को ‘वैक्सीन मैत्री’ के तहत कोरोना वैक्सीन की 1 मिलियन (10 लाख) डोज उपलब्ध कराएगा। नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री हृदयेश त्रिपाठी ने बुधवार को यह जानकारी दी है।

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए त्रिपाठी ने बताया कि भारत नेपाल को 21 जनवरी को ‘वैक्सीन मैत्री’ के तहत कोरोना वैक्सीन की 1 मिलियन डोज उपलब्ध कराएगा। साथ ही यह वैक्सीन की खेप गुरुवार तक काठमांडू पहुंचेगी। इस टीकाकरण अभियान के तहत फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्राथमिकता दी जाएगी। नेपाल और भारत की दोस्ती की बात को दोहराते हुए त्रिपाठी ने कहा कि वैक्सीन की पहली खेप मदद के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

भारत की नेबरहुड नीति के तहत भारत मदद के तौर पर भूटान, मालदीव्स, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार सेशेल्स को भी वैक्सीन उपलब्ध कराएगा।  इसके साथ-साथ भारत श्रीलंका, अफगानिस्तान और मॉरिशस को दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए आवाश्यक नियामक मंजूरी की प्रतीक्षा कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में भारत इससे पहले भी हाइड्रोक्सीक्लोरीक्वीन और रेमडेसिवर दवाएं, डायग्नोस्टिक किट, वेंटिलेटर, मास्क, ग्लव्स और अन्य मेडिकल उपकरण बड़ी संख्या में  कई देशों को मदद के रूप में मुहैया करा चुका है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *