भूकंप से दहला इंडोनेशिया, 35 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

0

जकार्ता, 15 जनवरी (हि.स.)। दक्षिण पूर्व एशियाई देश इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में गुरुवार देररात आए शक्तिशाली भूकंप से 35 लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग घायल हो गए। रिक्टर स्केल पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.2 आंकी गई। इस भूकंप से सैकड़ों घर भी तबाह हो गए। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। भूकंप को करीब सात सेकेंड तक महसूस किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भूकंप के और तेज झटके लग सकते हैं। इससे सुनामी का खतरा बढ़ सकता है।
अधिकारियों के अनुसार भूकंप का केंद्र पश्चिम सुलावेसी प्रांत के मामुजु में 10 किलोमीटर की गहराई में था। गुरुवार देररात करीब डेढ़ बजे भूकंप के तेज झटके महसूस होने पर हजारों लोग घरों से भागकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। भूकंप से 300 से ज्यादा घर और दो होटल क्षतिग्रस्त हो गए। एक अस्पताल और क्षेत्रीय गवर्नर के दफ्तर को भी नुकसान पहुंचा है। कुछ पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। वेस्ट सुलावेसी की राहत आपदा एजेंसी के प्रमुख डेर्नो मजीद ने बताया कि माजीन और समीप के मामुजु जिले में 35 लोगों की जान गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। राहत और बचाव कार्य जारी है।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार 637 लोग घायल हुए हैं। भूकंप के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं भी हुईं। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में द्वीप पर हर तरफ तबाही का मंजर दिखाई दिया। इस क्षेत्र में एक दिन पहले भी 5.9 की तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था। गुरुवार देर रात आए भूकंप के बाद 26 झटके महसूस किए गए। दोबारा भूकंप आने की आशंका में करीब 15 हजार लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *