राजगीर में बनेगा छोटा हवाईअड्‌डा, हेलीकॉप्टर से आ-जा सकेंगे पर्यटक : नीतीश कुमार

0

सीएम ने किया विस्तारित वेणुवन और घोड़ा कटोरा झील के पास बने नए पार्क का उद्घाटन27 करोड़ की लागत से 21 एकड़ भूमि पर निर्माण कराया गया है वेणुवन विहार पार्क



पटना, 15 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राजगीर में सौंदर्यीकृत और विस्तारित वेणुवन और घोड़ा कटोरा झील के पास बने नए पार्क का उद्घाटन किया। साथ में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद भी थे। इस मौके पर सीएम ने कहा कि जू सफारी का काम तेजी से चल रहा है और नेचर सफारी का काम एक से डेढ़ महीने में पूरा हो जायेगा। उन्होंने कहा कि राजगीर एक अद्भुत जगह है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर का विकास किया जा रहा है। यहां आने वालों को अच्छा अनुभव होता है। यहां छोटा हवाईअड्‌डा भी बनेगा ताकि पर्यटकों को सुविधा हो और वे हेलीकॉप्टर से आ-जा सकें। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय भी यहीं है। यह ज्ञान की भूमि है।

नीतीश ने कहा कि भगवान बुद्ध के प्रिय स्थली वेणुवन में विहार पार्क का निर्माण किया गया है। 27 करोड़ की लागत से 21 एकड़ भूमि पर निर्माण कराया गया है। घोड़ा कटोरा में भी चार करोड़ की लागत से चार एकड़ जमीन में पार्क का निर्माण कार्य कराया गया है। सीएम ने कहा कि राजगीर प्राकृतिक रूप से सुंदर जगह है। इस वजह से नेचर सफारी का निर्माण शुरू किया गया। यह लोगों को काफी पसंद आ रहा है। नई पीढ़ी को पर्यावरण को लेकर काफी प्रेरणा मिलेगी। राजगीर एक विशिष्ट जगह है, हर धर्म के लिए यह महत्वपूर्ण है।

उल्लेखनीय है कि इस पार्क के निर्माण कार्य मे करीब 27 करोड़ की लागत आई है। इसका निर्माण करीब 21 एकड़ भूमि पर कराया गया है। इसके साथ ही घोड़ा कटोरा में भी चार करोड़ की लागत से चार एकड़ जमीन में पार्क का निर्माण कार्य कराया गया है। वेणुवन के पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए अपने राजगीर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके सौंदर्यीकरण का निर्देश दिया था। इसके बाद राजगीर में घोड़ा कटोरा झील का निर्माण किया गया। साथ ही जू सफारी और नेचर सफारी का निर्माण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *