भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के लिए पूर्व नौकरशाह अरविंद शर्मा समेत चार उम्मीदवार घोषित किए

0

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव और उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी बने उम्मीदवार



नई दिल्ली, 15 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम कर चुके गुजरात कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद में भेजने का फैसला किया है। इसके साथ ही भाजपा नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और सूबे के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को भी विधान परिषद के चुनावों में उम्मीदवार घोषित किया है।
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों के लिए चार उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची में पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया है।
अरविंद कुमार शर्मा ने एक दिन पहले यानी गुरुवार को ही लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की मौजूदगी में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। अरविंद ने अपने सेवानिवृत्ति से दो साल पहले वीआरएस लेकर सबको चौंका दिया था। वह गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्रित्वकाल में मुख्यमंत्री कार्यालय समेत विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ पीएमओ में भी उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। उन्होंने मोदी के साथ तकरीबन दो दशक तक काम किया और उनके भरोसेमंद अधिकारियों में शामिल रहे। अरविंद मूलत: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *