गुजरात : मुख्यमंत्री ने तोड़ी 30 साल पुरानी परम्परा, इस वर्ष डर्टी समूह के साथ नहीं मनाएंगे उत्तरायण पर्व

0

कॉलेज जमाने की मित्रमंडली को रूपानी की पत्नी ने दिया था डर्टी समूह का नाम



अहमदाबाद, 14 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने 30 साल पुरानी परंपरा को तोड़ दी है। वे इस साल अपने कॉलेज जमाने के डर्टी समूह के साथ उत्तरायण पर्व नहीं मनाएंगे। इसकी वजह उनके मित्र व राज्यसभा सांसद अभय भारद्वाज की मौत है।
दरअसल, मुख्यमंत्री विजय रूपानी के परम मित्रों मे से एक अभय भारद्वाज का हाल ही में कोरोना में निधन हो गया था। भारद्वाज विजय रूपानी के कॉलेज जमाने के एक दर्जन मित्रों के समूह में शामिल थे। कहा जाता है कि विजय रूपानी की पत्नी ने मित्रों के इस समूह को डर्टी समूह का नाम दिया था। मुख्यमंत्री रूपानी पिछले 30 वर्ष से इस डर्टी दर्जन के समूह के साथ राजकोट में उत्तरायण पर्व मनाते आ रहे थे। पिछले साल वह राजकोट में राज्यसभा सांसद अभय भारद्वाज के घर पर सभी दोस्तों से मिले थे।
समूह के सदस्य मंसूर अली अकबर अली जसदनवाला ने बताया कि हम सभी धर्मेंद्र सिंह कॉलेज में 1972 से 1975 तक एक साथ थे। तब से यह 12 दोस्त अच्छे या बुरे अवसरों पर एक साथ रहे। विजय रूपानी की पत्नी ने दोस्ती और बहुत सारी मस्ती देखी और बारह लोगों की दोस्तों के समूह को डर्टी समूह का नाम दिया था। तब से इस समूह को डर्टी समूह  के नाम से जाना जाता है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *