पटना पहुंची कोरोना वैक्सीन की पहली खेप, एनएमसीएच में किया गया स्टोरेज

0

यह दिन ऐतिहासिक और ख़ुशी से भरा हुआ है : मंगल पाण्डेय



पटना, 12 जनवरी (हि.स.)।कोरोना वैक्सीन की पहली खेप बिहार की राजधानी पटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पहुंच गई। तीन गाड़ियों में रखी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में तैयार कोविशील्ड वैक्सीन को नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएमसीएच) में लाकर स्टोरेज किया गया है।

बिहार स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कोविशील्ड वैक्सीन के पटना पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों के लिए आज हर्ष का दिन है। यह दिन ऐतिहासिक और ख़ुशी से भरा हुआ है। वैक्सीन की पहली खेप पटना पहुंच चुकी है। बिहारवासियों का इंतज़ार ख़त्म हुआ। उन्होंने कहा कि सबसे पहले नीतीश कुमार 16 जनवरी को सुबह 10:45 मिनट पर एनएमसीएच पहुंचेंगे। उसके बाद वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मीडियाकर्मियों को वैक्सीन कब मिलेगी इस प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव स्वास्थ्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि केंद्रीय स्तर पर ये मानक तय किया जाता है। अभी तक जो गाइडलाइन हैं उनके मुताबिक़ फ़्रंटलाइन वर्कर की श्रेणी में मीडियाकर्मियों को नहीं रखा गया है। हालांकि ये सुझाव दिया गया है कि हेल्थ वर्कर के बाद मीडियाकर्मियों को भी वैक्सीन मिले।

कोरोना वैक्सीन की दूसरी किस्त बुधवार को पटना एयरपोर्ट पहुंचेगी। कोरोना वैक्सीन का एयर ट्रांसपोर्टेशन देख रही कंपनी एसबी लॉजिस्टिक के एमडी संदीप भोसले ने बताया, कुल 8 उड़ानों के जरिए कोविशील्ड वैक्सीन को देश के 13 लोकेशन में भेजा जाएगा। पहली उड़ान दिल्ली के लिए थी।

उल्लेखनीय है कि बिहार में कुल 54,900 वाइल पहुंची हैं जिसमें क़रीब साढ़े पांच लाख लोगों को डोज़ मिलेगी। पहले श्रेणी में हेल्थ वर्कर और उसके बाद फ़्रंट लाइन वर्कर को डोज़ प्राथमिकता के आधार पर दी जाएगी। राज्य में 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू किया जाएगा। इसके लिए बिहार में कुल 300 सेंटर बनाए गए हैं। रीजनल सेंटर की संख्या 10 है यानि इन सभी रीजनल सेंटर्स पर वैक्सीन की खेप पहले पहुंचेगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *