बदलते मौसम से न घबराएं किसान

0

गुरुवार से पछुवा हवा बंद हो जाने की है संभावनाउप निदेशक उद्यान ने कहा, फसल को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगा यह मौसम



लखनऊ, 12 जनवरी (हि.स.)। बदल रहे मौसम ने इस बीच किसानों की चिंताएं बढ़ा दी लेकिन मौसम वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ के अनुसार इससे घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मौसम में खेत की नमी को बनाये रखने पर फसल को नुकसान नहीं होगा। अभी चल रही पछुआ हवा भी गुरुवार से बंद हो जाने की संभावना है। ठंड अभी बढ़ेगा।
यह बता दें कि तीन-चार दिन से मौसम के रूखापन के कारण रबी की फसलों असमय सुखने की आशंका बढ़ गयी थी, क्योंकि कृषि के जानकारों के अनुसार अभी ठंड का पड़ना बहुत जरूरी है। इससे गेहूं, मटर आदि रबी की खेती करने वाले किसान चिंतित हो गये थे। उनका कहना था कि गेहूं के पैदावार को यह मौसम प्रभावित कर देगा, लेकिन ऐसा नहीं होगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि अभी ठंड बढ़ेगी। सुबह कुंहासा भी पड़ेगा। कुंहासा में अभी वृद्धि हो सकती है लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा। उन्होंने बताया कि अभी चल रही पछुवा हवा की रफ्तार गुरुवार से कम हो जाने की संभावना है। हवा की रफ्तार कम होने के साथ ही कोहरे का प्रभाव बढ़ेगा। इससे ठंड भी बढ़ने की संभावना है।
वहीं उप निदेशक उद्यान अनीस श्रीवास्तव का कहना है कि इस मौसम से घबराने की जरूरत नहीं है। बदल रहे मौसम में कुछ रबी की फसलों के लिए खेत की नमी जरूरी है। उस पर किसानों को ध्यान देना चाहिए। केला, टमाटर, मिर्च आदि के लिए यह मौसम नुकसान नहीं पहुंचाएगा। आने वाले दिनों में जब ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है तो यह लाभकारी ही होगा। इसके साथ ही यदि अभी बारिश हो जाती है तो वह रबी की फसल को और फायदा पहुंचाएगा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *