तेलंगाना : कथित मिलावटी ताड़ी पीने से अब तक दो की मौत, 200 से अधिक बीमार

0

हैदराबाद, 11 जनवरी (हि.स.)। तेलंगाना राज्य के विकाराबाद जिले में कथित मिलावटी ताड़ी पीने से मरने वालों की संख्या दो हो गई है। सोमवार को 90 वर्षीय कोमरैया ने वट्टिमिनमपल्ले गांव में दम तोड़ दिया। लगभग दो सौ से अधिक लोग बीमार हैं।
शनिवार को नवाबपेट और विकाराबाद ‘मंडल’ के लगभग 15 गांवों में कथित मिलावटी ताड़ी पीने के बाद लोगों की तबियत बिगड़ने का क्रम शुरू हुआ। शनिवार को ही शाम तक कथित मिलावटी ताड़ी पीने से विकाराबाद जिले के पेंडिलमादुगु गांव में 55 वर्षीय बिल्पति कृष्ण रेड्डी नामक व्यक्ति की मौत हो गई। सोमवार तक लगभग  200 से अधिक अन्य  लोग बीमार हो गए। इनमें से कई गंभीर मरीजों को  हैदराबाद के उस्मानिया हॉस्पिटल भेजा गया। आज एक और बुजुर्ग की मौत हो गई। वट्टिमिनमपल्ले गांव के 90 वर्षीय कोमरैया ने आज अपने घर में ही दम तोड़ दिया। दावा किया जा रहा है कि बुजुर्ग ने भी मिलावटी ताड़ी का सेवन किया था।
एक अधिकारी ने बताया कि ताड़ी के सेवन करने के बाद बीमार होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आबकारी विभाग ने ताड़ी की आपूर्ति करने वाले ताड़ी डिपो को सील कर दिया और जांच के लिए नमूने भेज दिए हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *