नड्डा ने असम में विजय संकल्प समावेश के जरिए किया चुनव प्रचार का आगाज

0

असम की संस्कृति, भाषा, अस्तित्व को संभाल कर रखने में भाजपा का अहम योगदानजनता से दोबारा भाजपानीत गठबंधन को सरकार बनाने का मांगा आशीर्वाद



कछार (असम), 11 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने सोमवार को दक्षिण असम के कछार जिला मुख्यालय सिलचर शहर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित विजय संकल्प समावेश में हिस्सा लेते हुए 2021 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के प्रचार का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपानीत गठबंधन सरकार द्वारा किए गये विकास कार्यों को एक-एक कर गिनाते हुए जनता से फिर से एक बार असम की सत्ता भाजपा को सौंपने का आह्वान किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि आज मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि बराक घाटी से भाजपा का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद बराकघाटी की जनता ने भाजपा को एकतरफा आशीर्वाद दिया था। उन्होंने असम की जनता के साथ ही असम सरकार, मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, नेडा के संयोजक डॉ हिमंत विश्वशर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत दास को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी और सरकार ने एकजुट होकर राज्य के विकास के लिए कड़ी मेहनत की है। साथ ही भाजपा को यशस्वी बनाया और आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि 2016 में सरकार बनी। उसके बाद भाजपा चाहे लोकसभा, विधानसभा के उप चुनाव, पंचायत, परिषद चुनाव हो या नगर पालिका चुनाव, जनता ने अपना भरपूर आशीर्वाद दिया है। यह छोटी घटना नहीं है।

नड्‌डा ने कहा कि 2016 में सरकार बनने के बाद अब तक हुए सभी चुनावों में पार्टी की जीत हो रही है। देश में 50 फीसद से अधिक वोट पार्टी को मिला है। तिवा स्वायत्तशासी परिषद (टीएसी) की 36 में से 33 सीटें जीतना कोई छोटी घटना नहीं है। उन्होंने असम की रंगापाड़ा और सोनारी विधानसभा के उप चुनावों में भाजपा की जीत पर बधाई दी। कहा कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख के चुनावों में भी पार्टी को लगातार जीत मिली है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में पीडीपी, कांग्रेस गुपकार बनकर चुनाव लड़ी थीं। इसके बावजूद भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कहा कि तीनों के वोट शेयर में भाजपा सबसे आगे है। गुजरात, लद्दाख, जम्मू, असम सभी जगह भाजपा आगे है। कर्नाटक, तेलांगाना, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के विधानसभा उप चुनावों और बिहार के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने बड़ी जीत हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का स्ट्राइक रेट व सीट सबसे अधिक रहा है। पूर्वोत्तर के मणिपुर की 05 विधानसभा उप चुनावों में भाजपा ने 04 सीटें जीती हैं। अरुणाचल के पंचायत व दोनों नगर पालिकाओं में जीत हासिल किया है। राजस्थान के पंचायत चुनाव में जनता ने एकतरफा भाजपा को आशीर्वाद दिया। गोवा में भी भाजपा ने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टीम इंडिया के तहत भाजपा आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि असम की संस्कृति, भाषा, अस्तित्व को संभाल कर रखने में भाजपा ने अहम योगदान दिया है। स्थानीय लोगों के अधिकारों के बारे में भी संवेदनशीलता के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि असम आंदोलन को देशव्यापी बनाने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी ने काम किया था। श्रीनगर हो गुवाहाटी अपना देश अपना माटी का नाराजा असम आंदोलन के दौरान भाजपा ने दिया था। भाजपा यहां के लोगों के साथ सदैव खड़ी रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि असम की भाषा बहुत अच्छी है, जिसको हम संभाल कर रखे हैं। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै और डॉ भूपेन हजारिका को भारत रत्न भाजपा नेतृत्वाधीन एनडीए सरकार ने दिया। कांग्रेस को कभी भी इस क्षेत्र के लोगों की याद नहीं आई। असम की संस्कृति को पहचान देने का काम किया तो वह एनडीए की सरकार ने किया। लंबे समय से चली आ रही छह जनजातियों को एसटी का दर्जा भी हमारी सरकार ने दिया। दर्जा देते हुए इस बात का भी ख्याल रखा गया कि किसी का हक नहीं मारा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी इन समुदायों के बारे में नहीं सोचा। भाजपा ने यह काम किया।

उन्होंने कहा कि बोड़ो आंदोलन पिछले 50 वर्षों से चल रहा है। लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने कभी भी इस पर ध्यान नहीं दिया। इस दौरान 04 हजार से अधिक लोगों की जानें गयीं। मुझे खुशी है कि बोड़ो समझौते के तहत सभी एनडीएफबी गुटों ने अपने हथियार डाल दिये। सरकार ने 15 सौ करोड़ रुपये आत्मसमर्पण करने वालों को पुनरसंस्थापित करने के लिए दिया है।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में ब्रू रियांग के झगड़े को भी नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने सुलझाया। ब्रू रियांग जनजातियों के संस्थापन के लिए केंद्र सरकार ने 600 करोड़ रुपये देकर 36 हजार परिवारों को बसाया। अंतरराष्ट्रीय सीमा विवाद को भी भाजपा सरकार ने सुलझाया। इसके चलते असम में घुसपैठ को बंद कर दिया गया। इसके लिए स्मार्ट फेंसिग की व्यवस्था की गयी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में में प्रोजेक्ट चलता था। काम कभी समाप्त नहीं होता। एनडीए की सरकार ने इस व्यवस्था को बंद किया। सत्ता में आते ही भाजपा ने ब्रह्मपुत्र नद पर लंबे समय से बन रहे बोगीबील, भूपेन हजारिका सेतु, असम गैस क्रेकर प्रोजेक्ट आदि परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि मैं केंद्रीय मंत्री रहते असम को एम्स की सौगात दे पाया। वैश्विक स्तर का एम्स बन रहा है। साथ ही राज्य में  08 नये मेडिकल कालेज बन रहे हैं। मोदी की सोच हर सभी वर्गों के विकास को लेकर है जिसे पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जमीन पर उतार रहा है।

उन्होंने टॉयलेट की चर्चा करते हुए कहा कि असम में 35 लाख टॉयलेट बनाए गये हैं। असम अब सौ फीसद ओडीएफ राज्य बन गया है। महिलाओं को अपने नित्य क्रिया के लिए अब शाम होने का इंतजार नहीं करना पड़ता है। साथ ही कहा कि जनधन योजना के तहत एक करोड़ 66 लाख नये एकाउंट बने। 20 करोड़ बहनों को 500 तीन बार में 1500 सौ रुपये दिये। 35 लाख गैस कनेक्शन असम में मिले हैं। सौभाग्य योजना के तहत 17 लाख लोगों को कनेक्शन दिया गया। आयुष्मान भारत 50 करोड़ लोगों की योजना के तहत 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिला। असम में एक लाख 11 हजार लोगों को इसका लाभ मिला है। छात्राओं को स्कूटी व 2 लाख 17 हजार साइकिलों का वितरण किया गया है।

उन्होंने कहा कि यहां कांग्रेस के जमाने में लोगों को अपनी जमीन के बारे में जानकारी नहीं थी। जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान एक लाख 10 हजार लोगों को पट्टा दिया गया है। दूसरे चरण में भी इसी अनुपात में पट्टा दिया जाएगा। कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि हजारों की संख्या में उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। मानव तस्करी को भी सरकार ने रोका है। कोरोना के दौरान असम में बेहतर काम हुआ है। आत्मनिर्भर भारत से बेंबू रोजगार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने अन्य कई केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि विजय संकल्प समावेश रैली में हमें संकल्प लेना है कि भाजपा को एक मौका और देना है। भाजपा प्लस, 100 प्लस करना है। उन्होंने कहा कि लोगों में भारी उत्साह है। लोग भाजपा की फिर से सरकार बनाना चाहते हैं। हम असम में आपके आशीर्वाद से फिर से आएंगे। सरकार और पार्टी ने मिलकर चीजों को आगे बढ़ाया है। सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क पहले पता नहीं था। लेकिन, अब ऐसा नहीं है। पूरे राज्य में सड़कों का जाल बिछ गया है। स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि चुनावों में जनता भाजपा को फिर से जीत दिलाएगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास दास, नेडा के संयोजक डॉ हिमंत विश्वशर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व असम के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया, सह प्रभारी पवन शर्मा, वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री कविंद्र पुरकायस्थ, असम सरकार के मंत्री परिमल शुक्लबैद्य, सांसद राजदीप राय, सांसद कृपानाथ मल्लाह, विधायक, सभी वरिष्ठ पार्टी के नेता व बड़ी संख्या में स्थानीय जनता रैली में भी उपस्थित थी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *